दलितों-पिछड़ों पर अत्याचार रोकने की मांग:अपनी जनता पार्टी ने CJI पर जूता फेंकने वाले की गिरफ्तारी भी मांगी
अपनी जनता पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को लखीमपुर खीरी कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल की प्रशासनिक अधिकारी अतिरिक्त एसडीएम अर्चना ओझा को दिया गया। पार्टी ने दलितों, पिछड़ों पर बढ़ते अत्याचारों को रोकने और भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) पर जूता फेंकने वाले की गिरफ्तारी की मांग की है।
ज्ञापन में अपनी जनता पार्टी ने भाजपा सरकार पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। पार्टी का कहना है कि पूरे देश में दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। उन्होंने आदिवासियों के सिर पर पेशाब करने और दलितों को अपमानित करने जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश सहित भाजपा शासित राज्यों में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
पार्टी ने आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों को सजा देने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है, जिससे आपराधिक घटनाओं में वृद्धि हुई है। ज्ञापन में भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) पर जूता फेंकने की घटना को संविधान और लोकतंत्र पर हमला बताया गया। पार्टी ने इस घटना के 15 दिन बाद भी कोई कार्रवाई न होने को सरकार की मिलीभगत करार दिया।
अपनी जनता पार्टी की प्रमुख मांगों में CJI पर जूता फेंकने वाले व्यक्ति की तत्काल गिरफ्तारी, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) और मुस्लिम समाज के युवाओं व महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों पर रोक लगाना शामिल है। इसके अतिरिक्त, पार्टी ने अपराधियों की सख्त गिरफ्तारी और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्रोहन ने कहा कि ‘देश में न्याय और समानता की लड़ाई अब सड़कों पर लड़ी जाएगी।’ प्रदर्शनकारी ‘मोदी-योगी होश में आओ’, ‘पिछड़ों-दलितों पर अत्याचार बंद करो’ और ‘गंगाराम मौर्य को न्याय दो’ जैसे नारे लिखी तख्तियां लिए हुए थे।
ज्ञापन सौंपने के दौरान लखीमपुर जिला अध्यक्ष दिलीप मौर्य, प्रदेश महासचिव महिला प्रकोष्ठ अंजली कुशवाहा, प्रदेश सचिव महिला प्रकोष्ठ अभिलाषा मौर्य, जिला प्रभारी प्रमोद निषाद और पलिया विधानसभा अध्यक्ष जयप्रकाश मौर्य सहित कई अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप सेhttps://www.bhaskar.com/local/uttar-pra पर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









