जोधपुर में दलित दूल्हे की बारात पुलिस सुरक्षा में निकली…गांव के लोगों को था विवाद होने का अंदेशा
जोधपुर में पहली बार किसी दलित दूल्हे को घोड़ी पर बैठाकर बारात निकालने के लिए पुलिस सुरक्षा की आवश्यकता पड़ी. नयापुरा चौखा की बाबा रामदेव कॉलोनी में विक्रम मेघवाल की शादी के दौरान, गांव में विरोध की आशंका के चलते पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की. पुलिस लाइन और पेट्रोलिंग यूनिट की महिला सिपाहियों सहित बल तैनात किए गए, और बारात सुरक्षित रूप से डीपीएस रिंग रोड के रिसॉर्ट तक पहुंची. इस घटना ने न केवल पारंपरिक रीति-रिवाज निभाने का संदेश दिया, बल्कि समाज में समानता और एक-दूसरे के भावनाओं के सम्मान का प्रतीक भी बनी|
जोधपुर. शहर में पहली बार किसी दलित को घोड़े पर बैठाकर बारात निकालने के लिए पुलिस का सहारा लेना पड़ा. जोधपुर के राजीव गांधी नगर थानान्तर्गत नयापुरा चौखा की बाबा रामदेव कॉलोनी में रविवार को कड़ी पुलिस सुरक्षा में एक दूल्हे को घोड़ी पर बिठाकर बारात निकाली गई. डीपीएस बाइपास पर एक रिसॉर्ट में आयोजित समारोह स्थल तक पुलिस के सुरक्षा बंदोबस्त रहे.
थानाधिकारी सुरेश पोटलिया ने बताया कि कॉलोनी निवासी विक्रम मेघवाल की रविवार को शादी हुई. दोपहर 12.15 बजे दूल्हे का भाई नरेन्द्र थाने पहुंचा और एक लिखित शिकायत दी. गांव में कुछ लोगों के दूल्हे को घोड़ी पर बिठाने पर विरोध करने की आशंका जताई गई, ऐसा करने पर विवाद होने का अंदेशा जताया गया.
बारात के चारों तरफ पुलिस तैनात थी, सभी ने राहत की सांस ली
पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश को शिकायत से अवगत कराया गया, तस्दीक के बाद आइपीएस एडीसीपी (पश्चिम) रोशन मीणा के नेतृत्व में पुलिस लाइन व थाने से पुलिस बल मौके पर भेजा गया. रात को दूल्हा सज-धजकर घर से निकला और पुलिस की कड़ी सुरक्षा में उसे घोड़ी पर बिठाया गया. कड़ी सुरक्षा में बारात रवाना हुई. बारात के चारों तरफ पुलिस तैनात रही, सुरक्षा के बीच रात को डीपीएस रिंग रोड पर एक रिसॉर्ट में बारात पहुंची तब सभी ने राहत की सांस ली
नरेन्द्र की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले में कोई रिस्क नहीं लिया और तुरंत पुलिस लाइन और कलिका पेट्रोलिंग यूनिट की महिला सिपाही का दल मौके पर भेजा. कॉलोनी में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही, इस मामले में धमकी देने वालों के नाम का खुलासा नहीं हुआ है.
सुरक्षा के साए में निकली बारात बनी सामाजिक संदेश का प्रतीक
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस ने देर रात तक गश्त की ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने. शादी संपन्न होने के बाद दूल्हे के परिवार ने कहा कि यह दिन उनके लिए यादगार रहेगा, क्योंकि उन्होंने अपनी परंपरा निभाने के साथ एक सामाजिक संदेश भी दिया. उन्होंने कहा कि अगर समाज में सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें तो किसी को सुरक्षा के सहारे अपनी खुशियां नहीं मनानी पड़ेंगी|
सौजन्य :न्यूज़ 18
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://hindi.news18.com/news/rajasthan/jodपर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









