लखीमपुर में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या:शराब पीने और जातिसूचक टिप्पणी पर विवाद, परिजनों ने शव उठाने से किया इनकार
लखीमपुर के शारदानगर थाना क्षेत्र के तनाजा गांव में एक दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान जयप्रकाश गौतम (35) पुत्र मल्लू गौतम के रूप में हुई है।
घटना शाम के समय की है जब जयप्रकाश शारदानगर से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में गांव के ही कुछ लोगों से शराब पीने और जातिसूचक टिप्पणी को लेकर उसका विवाद हो गया। आरोप है कि गांव के जय सिंह, मंगल सिंह, निक्कू सिंह और गुरपेज सिंह ने लाठी-डंडों से जयप्रकाश पर हमला कर दिया। युवक को पिटते देख आसपास के लोगों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन जब बचाने पहुंचे और उसे घर ले जा रहे थे, तभी रास्ते में ही जयप्रकाश की मौत हो गई। युवक की मृत्यु से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने की कोशिश की। हालांकि, परिजनों ने मुकदमा दर्ज करने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव को नहीं उठाने दिया।
फिलहाल पुलिस परिजनों को समझाने में जुटी है। परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे शव नहीं उठाने देंगे।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.bhaskar.com/local/uttar- प्रकाशित किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









