UP: वो भूखा था इसलिए मांगी रोटी… फिर दलित युवक के साथ घटी ऐसी घटना, जानकर खौल उठेगा खून
आगरा में दलित युवक के साथ बर्बरता की हदें पार कर दी गईं। वो भूखा था, इसलिए रोटी मांगी। रोटी के बदले उसे पिटाई मिली। बंधक बना लिया गया। इसके बाद मुंह बंद कर बाजरे के खेत में फेंक दिया।
आगरा के बरहन में रोटी मांगने पर मुर्गी फार्म संचालक ने दलित युवक को बंधक बना लिया। आरोप है कि सरिया से पिटाई करने के बाद हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद मुंह बंद कर बाजरे के खेत में फेंक दिया। बृहस्पतिवार सुबह युवक के खेत में पड़ा मिलने पर ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। मामले में पुलिस ने दो के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की। एसीपी एत्मादपुर का कहना है कि तहरीर नहीं मिली है। वहीं घटना से वाल्मीकि समाज में आक्रोश है।
पार्टी कर रहे थे, तब उसने मांग ली रोटी
नगला गोवर्धन, अहारन निवासी रवि वाल्मीकि गांव-गांव घूम कर लोगों से मांगकर गुजारा करते हैं। बुधवार को वह नगला गोवर्धन और नगला बरी के बीच स्थित मुर्गी फार्म पर गए थे। आरोप है कि फार्म में कुछ लोग पार्टी कर रहे थे। रवि लोगों से रोटी मांगने लगा। इस पर दबंगों ने उसे पकड़ लिया। उसकी सरिया से पिटाई लगाई। हाथ-पैर बांधने के बाद मुंह बंद कर बाजरे के खेत में फेंक आए। वह रातभर खेत में ही पड़ा रहा। बृहस्पतिवार सुबह चारा लेने गए लोगों ने उसे देखा। तब पुलिस को जानकारी दी।
घायल का कराया गया मेडिकल
एसीपी एत्मादपुर देवेश सिंह ने बताया कि घायल का मेडिकल कराया है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया। उनके खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई की गई है। मामले में पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, घटना से वाल्मीकि समाज में आक्रोश है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
सौजन्य :अमर उजाला
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.amarujala.com/uttar-pradesh/agr प्रकाशित किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









