दलित दूल्हे को घोड़ी से उतारने का अंदेशा, कलेक्टर से की सुरक्षा की मांग
टोंक |खणदेवत (निवाई) से आए दलित परिवार ने शुक्रवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उनके दूल्हे को घोड़ी से उतारने का अंदेशा जताते हुए सुरक्षा व धमकी देने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। नाथूलाल गंगवाल ने बताया कि उनके बेटे हेमराज की शादी 19 फरवरी को होनी है। बारात दत्तवास थाना क्षेत्र के सूरतरामपुरा में जाएगी।
जहां सवर्ण जाति के लोगों ने उनके बेटे के ससुरालवालों व उन्हें धमकी दी है कि यदि बारात घोडी व डीजे के साथ निकाली तो तुम्हारे लड़के को ना सिर्फ घोडी से उतार देंगे। वहीं बारात को भी गांव में से नहीं निकालने देंगे। भीमसेना जिलाध्यक्ष अशोक बैरवा ने बताया कि इससे पहले उक्त लोगों ने दलित समाज की बारात को वहां पर अब तक घोडी पर बैठकर नही निकलने दिया। ना ही घोडी पर तोरण मारने दिया है।
उन्होंने कहा कि गांव 70-80 घर सवर्ण समाज के लोग रहते हैं। उसके बाद दलित समाज की बस्ती आती है। परिवार ने कलेक्टर से उक्त लोगों की शिकायत करते हुए पुलिस जाब्ता उपलब्ध करवाकर शादी डीजे व घोडी पर निकालते समय विघ्न डालने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही कर मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है।
साभार :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप सेwww.bhaskar.com/local पर प्रकाशित हुआ है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।








