मथुरा में दलित युवक की मौत का मामला:मृतक युवक पर सवर्ण समाज को गाली देने का आरोप, डीएम से मिले ग्रामीण
मथुरा के थाना सुरीर क्षेत्र में 29 अप्रैल को हुई दलित युवक की हत्या के मामले में आरोपी पक्ष के समर्थन में ग्रामीणों ने मंगलवार को डीएम से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की। डीएम को प्रार्थना पत्र देने आए ग्रामीणों ने कहा कि मृतक युवक हाथ में कुल्हाड़ी लेकर सवर्ण समाज को गाली दे रहा था। जिसके प्रतिरोध में एक युवक की केवल मारपीट हुई थी। जिसमें चोट लगने से दलित युवक की मौत हुई थी। अब पीड़ित परिवार आरोपी युवक के पूरे परिवार के खिलाफ कार्यवाही कर रहा है।
यह था मामला
थाना सुरीर क्षेत्र के गांव जरारा में 29 अप्रैल को दलित युवक शिवकुमार पुत्र चरणदास का क्षत्रिय समाज के सौरभ पुत्र इंद्रपाल से झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान दोनों में मारपीट हो गई। जिसमें शिवकुमार के गंभीर चोट आ गईं। गंभीर रूप से घायल शिवकुमार को इलाज के लिए पहले मथुरा लाया गया। जहां से जयपुर रैफर किया। हालत खराब होने पर दिल्ली ले जाया जा रहा था, इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई थी।
मारपीट में घायल हुए शिवकुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई थी
सौरभ सहित 7 लोगों के खिलाफ कराई थी रिपोर्ट दर्ज
शिवकुमार की मौत के मामले में भाई दिनेश ने सौरभ पुत्र इंद्रपाल, पिता इंद्रपाल, पवन, विष्णु, अखिलेश सहित 2 अज्ञात के खिलाफ थाना सुरीर में हत्या की तहरीर दी। जिसमें पुलिस ने धारा 147,148,323,307 के अलावा एससी, एसटी में मुकद्दमा दर्ज कर लिया।
मृतक युवक के भाई ने सुरीर कोतवाली में 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी
निर्दोषों को फंसाने का आरोप
इस मामले में मंगलवार को ग्रामीण डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह से मिलने मथुरा कलेक्ट्रेट पहुंचे। जहां उन्होंने डीएम को दिए गए प्रार्थना पत्र में लिखा कि पीड़ित पक्ष निर्दोष लोगों को फंसा रहा है। जिस समय झगड़ा हुआ उस समय मौके पर सौरभ और शिवकुमार के अलावा कोई नहीं था। इसके अलावा शिवचरण ने खुलेआम हाथ में कुल्हाड़ी लेकर अर्ध नग्न होकर सवर्ण समाज को गाली दी। जिसका वीडियो भी मौजूद है।
डीएम ऑफिस पहुंचे ग्रामीणों का आरोप है कि इस मामले में निर्दोष लोगों को फंसाया जा रहा है।
कुल्हाड़ी लेकर अपशब्द बोलने का वीडियो हुआ था वायरल
जरारा गांव में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। जिसमें शिवकुमार अर्ध नग्न होकर गांव की गलियों में घूमता दिख रहा है। उसके हाथ में कुल्हाड़ी भी है। इसके बाद वह गांव के सामुदायिक केंद्र के सामने पहुंचता है और गालियां देना शुरू कर देता है। काफी देर तक हंगामा करने के बाद वह मौके से चला जाता है।
इस मामले में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जिसमे शिवकुमार हाथ में कुल्हाड़ी लिए अपशब्द कहता नजर आया था
सीओ मांट से जांच कराने की मांग
डीएम से मिलने पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि झूठी रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। जिसकी वजह से पूरे क्षेत्र में रोष व्याप्त है। इस घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए। जिससे कोई निर्दोष न फंसे। ग्रामीणों ने डीएम से मांग की कि इस घटना की सीओ मांट से जांच कराई जाए। इस मामले में सभी सहयोग करने को तैयार हैं।
सौजन्य : दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है|और इसका उपयोग पूरी तरह से गैर-लाभकारी/गैर-व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए विशेष रूप से मानव अधिकार के लिए किया गया था।








