गुजरात में बीजेपी नेता के बेटे ने बूथ कैप्चर किया:4 मिनट से ज्यादा LIVE स्ट्रीमिंग की, कहा- EVM अपने बाप की; 2 हिरासत में
महिसागर जिले के संतरामपुर के बूथ संख्या 220 (परथमपुर) का यह मामला है। आरोपी विजय ने बूथ पर कब्जा करने के बाद लाइव स्ट्रीमिंग की।
लोकसभा चुनाव के तीसरी फेज की वोटिंग के दौरान गुजरात में भाजपा नेता के बेटे ने बूथ कैप्चरिंग की। इसे सोशल मीडिया पर लाइव किया। यह मामला महीसागर जिले के दाहोद लोकसभा सीट का है। वीडियो में आरोपी विजय भाभोर अपने साथियों से यह कहता नजर आता है कि EVM तो अपने बाप की है। बुधवार सुबह दाहोद लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. प्रभाबेन तावियाड ने केस दर्ज कराया।
चुनाव आयोग ने जिलाधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। अब तक 2 लोगों को हिरासत में लिया गया है। मुख्य आरोपी विजय फरार है।
4 मिनट से ज्यादा लाइव स्ट्रीमिंग की
विजय ने बूथ कैप्चरिंग को सोशल मीडिया पर 4.27 मिनट से ज्यादा लाइव किया। इस दौरान वह अपने साथियों से बात करता नजर आ रहा है। आरोप है कि उसने चुनाव कर्मचारियों के साथ बदतमीजी भी की। आरोपी के पिता दाहोद तालुका के प्रमुख रह चुके हैं।
यह भी दावा किया गया है कि विजय ने लाइव स्ट्रीमिंग के दौरान EVM अपने साथ ले जाने की भी बात कही थी। FIR होने के बाद विजय ने वीडियो डिलीट कर दिया, लेकिन तब तक लोग इस बूथ कैप्चरिंग की घटना को देख चुके थे। कईयों ने इसके स्क्रीन शॉट भी शेयर किए।
FIR होते ही विजय ने वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से डिलीट कर दिया।
कांग्रेस ने फिर से वोटिंग की मांग की
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि विजय ने अपने साथियों के साथ मिलकर बीजेपी प्रत्याशी के लिए जमकर फर्जी वोटिंग की है। कांग्रेस ने चुनाव आयोग से इस बूथ पर फिर से वोटिंग कराने की अपील की है।
दाहोद लोकसभा सीट से बीजेपी ने जसवंतसिंह भाभोर को अपना कैंडिडेट बनाया है। जसवंत सिंह लगातार दो टर्म से यहां के सांसद हैं। अब तीसरी बार मैदान में है। वहीं, कांग्रेस ने महिला कांग्रेस की पूर्व उपाध्यक्ष प्रभा तवियाड को अपना कैंडिडेट बनाया है।
सौजन्य : दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है|और इसका उपयोग पूरी तरह से गैर-लाभकारी/गैर-व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए विशेष रूप से मानव अधिकार के लिए किया गया था।