मेेहनताना मांगने पहुंचे मजदूरों को बंधक बनाकर पीटा
खैरगढ़। मजदूरी के पैसे मांगने गए दो दलित मजदूरों को दबंगों ने कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा। उन्होंने मानवता की सभी हदें पार कर दीं। मेहनताना देने के बजाय उन पर चोरी का आरोप लगाकर बेरहमी से पीटने के बाद उन्हें पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने भी दोनों मजदूरों का अंधेरे में शांति भंग में चालान कर दिया। इनको मेडिकल के लिए संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद लाया गया है। इस दौरान वहां मौजूद पत्रकारों को मजदूरों ने अपनी व्यथा बताई। सोशल मीडिया में प्रकरण वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़ितों की ओर से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थाना खैरगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत नगला सदिया निवासी सतीश (42), सत्यपाल शास्त्री (46) निवासी नंदपुर थाना फरिहा दोनों ने ही नगला सदिया में घर पर मजदूरी की थी। इसका मेहनताना उन्हें नहीं मिला था। दोनों मजदूर मेहनताना मांगने रविवार सुबह मकान मालिक के घर गए थे। पीड़ितों का आरोप है कि मकान मालिक ने उन्हें कमरे में बंद कर लिया और मेहनताना देने के बजाय साथियों संग बेरहमी से पीटा। पिटाई के बाद उनके शरीर पर पड़े गहरे काले निशान उनके साथ हुई अमानवीय पिटाई की गवाही दे रहे हैं। मजदूरों का आरोप है कि मारपीट के बाद दबंगों ने उन पर आभूषण चोरी का आरोप लगाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने दिनभर उन्हें बैठाकर रखा। इसके बाद पुलिस ने भी उनकी पिटाई की। आखिर में पुलिस ने रविवार रात अंधेरे में दोनों मजदूरों का शांति भंग में चालान कर उन्हें मेडिकल कराने के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद भेज दिया गया।
मजदूरों की पिटाई का प्रकरण संज्ञान में आया है। मजदूरों पर लगाए गए चोरी के आरोपों की भी जांच कराई जा रही है। फिलहाल मजदूरों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराया गया है। – रणविजय सिंह, एसपी ग्रामीण
सौजन्य : Amar ujala
नोट : समाचार मूलरूप से amarujala.com में प्रकाशित हुआ है ! मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित !









