दो छात्रों को दूसरे स्कूल के शिक्षक ने पीटा, केस दर्ज
रायबरेली। बछैयापुर मजरे खिरोधरपुर गांव के दो छात्रों को उनके ही विद्यालय में घुसकर पीट दिया गया। पड़ोस के विद्यालय में तैनात इंचार्ज हेडमास्टर पर दोनों छात्रों को पीटने का आरोप है। दोनों छात्रों की माताओं ने ऊंचाहार कोतवाली में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। विभागीय स्तर पर दोनों विद्यालयों से जवाब तलब किया गया है।
घटना बुधवार को सुबह लगभग 9 बजे रोहनिया विकास क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय बछैयापुर में घटी, जहां कक्षा सात के छात्र किशन प्रजापति (12) पुत्र रंजीत कुमार और प्रदीप सरोज (12) पुत्र रामनरेश को पीटा गया। दोनों छात्रों की मां प्रेमा देवी और रेखा देवी ने पुलिस को बताया कि उनके बेटों को विद्यालय में घुसकर पड़ोस के प्राथमिक विद्यालय बछैयापुर के इंचार्ज प्रधानाध्यापक ने पीटा है। कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक महेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ मारपीट करने एवं दलित उत्पीडन का मामला दर्ज किया गया है।
उधर, इंचार्ज प्रधानाध्यापक महेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि दोनों छात्रों ने मंगलवार को सरकारी अभिलेखों को फाड़ दिया था, इसीलिए उन्होंने विद्यालय जाकर दोनों बच्चों को सिर्फ डांटा है। खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सत्यप्रकाश यादव ने बताया कि दोनों विद्यालयों के इंचार्ज प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है, ताकि सच्चाई का पता चल सके। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्राथमिक विद्यालय ऐहारी बुजुर्ग में बच्चों को घटिया मध्याह्न भोजन परोसा जाता है। इस बात का आरोप लगाते हुए प्रधान दीपिका शुक्ला ने मामले की शिकायत खंड शिक्षा अधिकारी से की है। प्रधाना का कहना है कि मध्याह्न भोजन बनाने में पर्याप्त मात्रा में सामग्री प्रयोग नहीं की जाती है। जो भी सामग्री प्रयोग होती है, उसकी गुणवत्ता भी सही नहीं होती है। बच्चों के साथ अच्छा व्यवहार न किए जाने की भी शिकायत की है। इस मामले में खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सत्यप्रकाश यादव का कहना है कि प्रधान की शिकायत पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सौजन्य : Amar ujala
नोट : समाचार मूलरूप से amarujala.com में प्रकाशित हुआ है ! मानवाधिकारों के प्रति सवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित है !









