पीलीभीत में दलित किशोरी के साथ दुष्कर्म : गन्ने के खेत में खींचकर ले गया आरोपी, विरोध करने पर पीटा
पीलीभीत में घर से बाहर खेत के लिए गई एक दलित किशोरी के साथ युवक ने दुष्कर्म किया। आरोपी किशोरी को गन्ने के खेत में खींचकर ले गया। आरोपी ने किशोरी के विरोध करने पर उसकी पिटाई भी की। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घर पहुंच कर किशोरी ने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर पहुंचे सीओ
सेहरामऊ थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली 14 वर्षीय दलित किशोरी बुधवार को शौच के लिए गई हुई थी। तभी गांव का रहने वाला अजय किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने लगा। इसके बाद वह उसे खींचता हुआ गन्ने के खेत में ले गया। वहां किशोरी के साथ दरिंदगी की घटना को अंजाम दिया गया। वारदात के बाद आरोपी शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देता हुआ चला गया। घर पहुंचकर नाबालिग ने पूरी घटना बताई तो उनके होश उड़ गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नवागत सीओ ज्योति यादव ने घटनास्थल पर पहुंचकर पड़ताल की है।
परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज
थाना प्रभारी कमलेश कुमार मिश्रा ने बताया नाबालिग दलित किशोरी के परिजनों ने गांव के युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
सौजन्य : Dainik bhaskar
नोट : यह समाचार मूलरूप से bhaskar.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









