किन्नर समुदाय के लिए खुशखबरी, ट्रांसजेंडर उत्थान कोष के तहत दी जाएगी आर्थिक सहायता
Jaipur: ट्रांसजेंडर समुदाय के व्यक्तियों के कल्याण और उत्थान के लिए 10 करोड़ रुपये के ट्रांसजेंडर उत्थान कोष का गठन किया गया है. कोष के तहत ट्रांसजेंडर समुदाय के व्यक्तियों को विभिन्न सुविधाएं और आर्थिक सहायता दी जाएगी.
सामाजिक न्याय विभाग के सचिव डॉ समित शर्मा ने कहा कि कोष का उद्देश्य ट्रांसजेंडर समुदाय का समावेशी विकास करना है. मुख्यमंत्री द्वारा वित्तीय वर्ष 2021-22 में ट्रांसजेंडर उत्थान कोष के गठन की घोषणा की गई थी. ट्रांसजेंडर्स की विभिन्न समस्याओं के निस्तारण और मार्गदर्शन के लिए जयपुर, जोधपुर, अजमेर, उदयपुर, बीकानेर, कोटा और भरतपुर संभाग स्तर पर काउंसिल की व्यवस्था की जाएगी. कोष के माध्यम से ट्रांसजेंडर समुदाय के व्यक्तियों के पढ़ाई से लेकर व्यवसाय करने की सुविधा मुहैया कराई जाएगी.
लिंग परिवर्तन सर्जरी निःशुल्क करवायी जाएगी
पूर्व मैट्रिक और उत्तर मैट्रिक बच्चों के लिए छात्रवृत्ति, अनुरक्षण भत्ता, फीस का पुनर्भरण तथा अगर घर से बाहर पढ़ाई करेंगे तो उनके मकान किराए के लिए भी आर्थिक सहायता देय है. राज्य सरकार ट्रांसजेंडर्स को स्किल डेवलपमेंट के जरिए निःशुल्क ट्रेनिंग उपलब्ध करवा कर भी सशक्त करने में जुटी है. उन्हें राजस्थान कौशल एवं आजीविका विकास निगम या अन्य मान्यता प्राप्त संस्थानों से व्यवसायिक और तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा. इसी प्रकार उन्हें खुद का कारोबार शुरू करने के लिए राज्य सरकार कुल लागत की 25 फीसदी अथवा अनुदान राशि 50 हजार रुपये, जो भी कम हो, की आर्थिक सहायता भी देगी.
डॉ. शर्मा ने बताया कि लिंग परिवर्तन सर्जरी निःशुल्क करवायी जाएगी, जिसके लिए अधिकतम 2.50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देय है. निदेशक एवं संयुक्त शासन सचिव ओ पी बुनकर ने बताया कि ट्रांसजेंडर समुदाय के व्यक्ति पहचान पत्र के लिए केन्द्र सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के ऑनलाइन पोर्टल http://transgender.dosje.gov.in पर आवेदन कर सकेंगे.
उन्होंने कहा कि ट्रांसजेंडर्स को कोष के अंतर्गत दी जाने वाली सुविधाओं और आर्थिक सहायता के संबंध में अधिक जानकारी विभाग के जिला कार्यालय और विभागीय वेबसाइट https://sje.rajasthan.gov.in पर भी संपर्क कर सकते हैं.
सौजन्य : Zeenews
नोट : यह समाचार मूलरूप से zeenews.india.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









