सीओ ने दर्ज किए दलित दंपती के बयान
शामली । गढ़ीपुख्ता क्षेत्र के गांव भैंसवाल में जिला पंचायत सदस्य उमेश पंवार द्वारा रालोद प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने का दबाव बनाने का विरोध करने पर दलित दंपती को जाति सूचक शब्द कहने के मामले में शनिवार को सीओ भवन ने गांव पहुंचकर पीड़ितों के बयान दर्ज किए। सीओ ने जल्द ही आरोपित की गिरफ्तारी का भी आश्वासन दिया है।
बता दें कि बीती 9 फरवरी को गांव भैंसवाल निवासी मोनू ने गढ़ीपुख्ता थाने पर तहरीर दी। बताया कि जब वह अपने घर में मौजूद था तभी गांव के ही जिला पंचायत सदस्य उमेश कुमार पुत्र रामस्वरूप उसके घर पहुंचे तथा गाली-गलौच करते हुए जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। उसे तथा उसकी पत्नी पूजा से गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में वोट डालने का दबाव बनाया, जब उसने ऐसा करने से इंकार किया तो उमेश कुमार ने उसे अंजाम भुगतने की धमकी दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर जिला पंचायत सदस्य उमेश कुमार के खिलाफ एससी, एसटी सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने उमेश की गिरफ्तारी के लिए दबिश भी दी थी लेकिन वह हाथ नहीं लग सके थे। शनिवार को सीओ थानाभवन वीरेन्द्र सिंह भड़ाना गांव भैंसवाल पहुंचे। पीड़ित मोनू व उसकी पत्नी पूजा के बयान दर्ज किए। सीओ ने पीड़ित दंपती को आश्वासन दिया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि मुकदमे में नामजद किए गए उमेश पंवार का कहना है कि पुलिस सत्ता के दबाव में फर्जी मुकदमा दर्ज कर उन्हें बेवजह परेशान कर रही है।
सौजन्य : Dainik jagran
नोट : यह समाचार मूलरूप से jagran.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









