उन्नाव मर्डर केस में प्रियंका गांधी ने की मृतक दलित युवती की मां से फोन पर बात, दिया मदद का भरोसा
उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में दलित युवती की हत्या के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है. इसी कड़ी में शनिवार को कांग्रेस की इलेक्शन कैंपेन कमेटी के चेयरमैन पीएल पुनिया मृतक युवती के परिजनों से मिलने पहुंचे. इसी दौरान प्रियंका गांधी ने मृतका की मां से वीडियो कॉलिंग पर बात की है और हर संभव मदद के साथ ही आरोपियों को कड़ी सजा दिलवाने का आश्वासन दिया है. कांग्रेस नेता पीएल पुनिया ने बताया कि पुलिस की घोर लापरवाही सामने आई है क्योंकि FIR दर्ज करने में समय लगाया है. इसके अलावा परिवार को जो सुरक्षा दी गई है वहां पर पुलिसकर्मी भी सुरक्षा में मुस्तैद नहीं है. ऐसे में पीएल पूनिया ने कहा कि हम परिवार के साथ हैं और परिवार को न्याय दिलाएंगे.
पुलिस से नहीं मिली मदद
इस दौरान पीड़िता की मां ने उन्नाव जिला प्रशासन पर आरोप लगाते हुए प्रियंका गांधी को बताया कि जिले में तैनात एसपी, डीएम, सीओ, एसडीएम और सदर विधायक सबसे गुहार लगाई, लेकिन मेरी किसी ने कोई मदद नहीं की. उन्होंने बताया कि प्रियंका ने यहा भी कहा की जैसे ही समय मिलेगा वह पीड़ित परिवार से मिलने उन्नाव आएंगी. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो शव को खुदवाकर दोबारा पोस्टमार्टम करवाएंगे.
सपा नेता के बेटे पर हत्या का आरोप
समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्यमंत्री स्व. फतेह बहादुर सिंह के बेटे रजोल सिंह पर युवती का अपहरण और हत्या करने का आरोप है. पूछताछ में आरोपी रजोल सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने उसके प्लॉट की खुदाई की और शव बरामद किया. इस दौरान एसपी समेत पुलिस बल घटनास्थल पर मौजूद रहे. पीड़ित मां ने आरोपी युवती को गायब करने का आरोप लगाकर पूर्व राज्यमंत्री स्व. फतेह बहादुर सिंह के बेटे पर मुकदमा दर्ज कराया था.
अखिलेश के सामने आत्मदाह का किया था प्रयास
बीते दिनों मृतका की मां ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गाड़ी के सामने आत्मदाह का प्रयास किया था, जिसके बाद उन्नाव पुलिस ने आरोपी रजोल सिंह को जेल भेजा था. यह पूरा मामला उन्नाव सदर कोतवाली क्षेत्र का है. पुलिस को शक था कि युवती की हत्या कर दी गई है और आरोपी से पूछताछ के बाद खुदाई शुरू की. बताया जा रहा है कि लड़की दो महीने से गायब थी. युवती काशीराम चौकी क्षेत्र की रहने वाली थी.
सौजन्य : Hindi news18
नोट : यह समाचार मूलरूप से hindi.news18.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









