ट्रेन से कट कर महिला की मौत, बेटे के हाथ का पंजा कटा
नगर के मालगोदाम रोड स्थित रेलवे क्रासिंग 35बी पर शुक्रवार की सुबह जनशताब्दी एक्सप्रेस से कट कर महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी गोद में मौजूद सात वर्षीय बेटे के बाएं हाथ का पंजा कट गया। महिला ने ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या की या ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हुई स्पष्ट नहीं हो सका है। गेटमैन के अनुसार महिला ने ट्रेन के आगे कूद कर जान दी तो वहीं जीआरपी मामले को हादसा मान कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मामले की जांच पड़ताल जारी है।
माल गोदाम रोड रेलवे क्रासिंग 35बी पर शुक्रवार की सुबह 11.02 बजे गेटमैन योगेंद्र पाल सिंह ने आनंद बिहार से चल कर टनकपुर जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस 12036 को पास करने के लिए फाटक बंद किया था। इसी दौरान जब ट्रेन फाटक क्रास कर ही रही थी। उसी समय फाटक से सटकर बने केबिन के निकट एक महिला ट्रेन से कट गई, जबकि महिला की गोद में मौजूद उसके सात वर्षीय बेटे के बाएं हाथ का पंजा कट गया। महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ट्रेन पास होने के बाद जब गेटमैन ने 11.09 बजे फाटक खोला तो ट्रैक पर रक्त रंजित महिला का शव देख भीड़ लग गई। सूचना पाकर कर जीआरपी और आरपीएफ समेत स्टेशन अधीक्षक आशीष मिश्रा मौके पर पहुंचे। महिला के पास से पर्स में मिले आधार कार्ड से महिला की शिनाख्त गुलशन (32) पत्नी मोहम्मद ताहिर निवासी मोहल्ला कांशीराम आवास वार्ड नंबर 13 बिसौली जनपद बदायूं के रूप में हुई।
जीआरपी ने महिला के शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम को भेज दिया। वहीं घायल बेटे को चन्दौसी के संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्साधिकारी ने प्राथमिक उपचार के बाद मुरादाबाद रेफर कर दिया। गेटमैन योगेंद्र पाल सिंह ने बताया कि महिला मांगने-खाने वाली प्रतीत होती है। वह आए दिन यहीं घूमती रहती थी। कुछ दिन पहले ही यहां देखी गई। ट्रेन नजदीक आने पर महिला अचानक ट्रेन के सामने आ गई। उधर जीआरपी थानाध्यक्ष शेर पाल सिंह का कहना है कि महिला की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हुई है। बच्चे को जिला अस्पताल मुरादाबाद में भर्ती कराया गया है। परिजनों के आने पर बच्चे का नाम पता चल सकेगा।
तमाशबीन बनाते रहे वीडियो, कराहता रहा बालक
चन्दौसी। रेलवे क्रासिंग 35बी पर ट्रेन से कट कर महिला की मौत हो गई, जबकि उसका सात वर्षीय बेटा गंभीररूप से घायल हो गया। उसके बाएं हाथ का पंजा कट गया था। घटना के बाद मौके पर तमाम भीड़ जुट गई। भीड़ में मौजूद तमाम लोग अपने-अपने मोबाइल से वीडियो बनाते रहे। वहीं बालक ट्रैक के पास कराहता रहा। करीब आधा घंटा तक बालक वहीं पड़ा तड़पता रहा। तमाशबीन वीडियो बनाने में व्यस्त रहे। किसी ने भी बालक के पास जाकर अस्पताल तक ले जाने की जरूरत नहीं समझी।
दो आधार कार्ड मिलने पर शिनाख्त को भटकी जीआरपी
चन्दौसी। मृतक महिला के पर्स से दो आधार कार्ड मिले। इसमें एक आधार कार्ड भावना नाम की जनपद बदायूं निवासी हिंदू युवती का था। हिंदू युवती का आधार कार्ड पर्स में बाहर वाली जेब में था। इसके आधार पर जीआरपी ने मृतक महिला को भावना ही मान लिया, लेकिन कुछ देर बाद पर्स को दुबारा खंगाला गया तो पर्स की अंदर वाली जेब में एक और आधार कार्ड निकला। जो मृतका गुलशन का था। इससे महिला की सही शिनाख्त हो सकी।
मदद को आगे आए युवक
चन्दौसी। जहां एक ओर घटनास्थल पर तमाशबीन लोग अपने मोबाइल से वीडियो बनाते रहे, वहीं तीन युवक शमशाद संभल, सुमेर खान और राफे चन्दौसी वहां से गुजर रहे थे। बालक को तड़पता देखकर उनका दिल पसीज गया और मदद को आगे आकर बालक को स्कूटी पर बिठा कर सरकारी अस्पताल पहुंचे। जहां बालक को रेफर करने के बाद भी उसके साथ मुरादाबाद जिला अस्पताल तक गए। तीनों युवक मुरादाबाद के अस्पताल में देर रात तक बालक के परिजनों के पहुंचने तक उसकी देखभाल करते रहे।
सौजन्य : Llive hindustan
नोट : यह समाचार मूलरूप से www.livehindustan.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









