नूंह में दलित नाबालिग से दुष्कर्म:इंसाफ की गुहार लगा रहा पिता; पुलिस नहीं कर रही सुनवाई, सीएम विंडो में शिकायत
हरियाणा के नूंह जिले के नगीना थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव की दलित नाबालिग लडक़ी (16 साल) से दुष्कर्म मामले में पीड़ित पिता पिछले डेढ़ माह से स्थानीय पुलिस से इंसाफ के लिए गुहार लगा है, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। उक्त मामले को लेकर पीड़ित पिता ने सीएम विंडो में शिकायत देकर नगीना थाने में तैनात एक एएसआई और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को लेकर मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित पिता ने शिकायत में कहा कि वारदात 5 नवंबर की है। नाबालिग बेटी का जाटका सिसवाना गांव के मोहित पुत्र राजेंद्र ने अपहरण किया। इस वारदात में मोहित ने दलपत पुत्र बनवारीलाल गांव सांठावाडी, साहिल पुत्र रत्ती निवासी नगीना, असीम पुत्र अख्तर हुसैन निवासी अटेरना शमशाबाद, अरबाज पुत्र जुल्फिकार व शाहरूख पुत्र बबू जोकि उसी गांव के है सभी को शामिल किया।
मुख्य आरोपी का एफआईआर में नाम दर्ज नहीं करने का आरोप
इस दौरान बेटी के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया और अश्लील फोटो करते हुए ब्लैकमेल कर डराया धमकाया। उक्त मामले की जानकारी नगीना थाना पुलिस को दी। जिसके बाद अपहरण का केस दर्ज किया। कई दिनों बाद लडक़ी आरोपी दलपत निवासी सांठावाड़ी के घर से बरामद हुई। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन मुख्य आरोपी मोहित का एफआईआर में नाम दर्ज नहीं किया। साथ ही एससी एसटी की एक्ट, दुष्कर्म की धारा तक नहीं लगाई और अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार नहीं किया।
नगीना थाने में कोई सुनवाई नहीं की गई
वहीं पीड़ित पिता ने कहा कि नगीना थाने में तैनात एक एएसआई अपने अन्य कर्मचारियों के साथ घर पर आकर बदसलूकी करता था। साथ ही उक्त मामले में समझौता का दबाव बनाता रहा। इसके अलावा एएसआई ने बेटी को बरामद करने के बाद दबाव बनाते हुए 164 के बयान दर्ज करा दिए। उक्त मामले को लेकर नगीना थाने में कोई सुनवाई नहीं की गई। मुख्य आरोपी मोहित व अन्य लगातार जातिसूचक शब्द बोल धमकी दे रहे हैं। वहीं पीड़ित ने उक्त मामले में सीएम से गुहार लगाई है। साथ ही उक्त मामले की शिकायत राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, मानव अधिकार आयोग, गृह मंत्री सहित अन्य भेजी है।
सौजन्य : दैनिक भास्कर
नोट : समाचार मूलरूप से bhaskar.comमे प्रकाशित हुआ है मानवाधिकारों के प्रति सवेदन शीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित|









