योगी को वापस भेजेंगे मठ, हाथी ने उड़ा दी है नींद…मायावती का करारा हमला
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने अब जोरदार हमले शुरू कर दिए हैं। उनके निशाने पर भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी दोनों हैं। बसपा सुप्रीमो मायावती ने शनिवार को भाजपा और सपा पर हमला बोला। बसपा प्रमुख ने कहा कि सपा सरकार के आते ही यूपी में गुंडों-बदमाशों का राज आ जाता है। मायावती ने कहा कि बसपा के हाथी ने योगी आदित्यनाथ की नींद उड़ा दी है। यही वजह है कि योगी अब हर चुनावी जनसभा में बसपा का जिक्र करने लगे हैं।
हर बूथ को जीतने का दिया मंत्र
मायावती ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सभी पोलिंग बूथ जीतकर बसपा को सत्ता में लाना है और योगी को मठ में भेजने का काम करना होगा। चंपादेवी पार्क में मायावती ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। कांग्रेस को दलित विरोधी बताते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार ने भारतीय संविधान के निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न की उपाधि से सम्मानित तक नहीं किया। कांशीराम के देहांत पर उनके सम्मान में भी कांग्रेस ने एक दिन का भी राष्ट्रीय शोक घोषित नहीं किया था।
कांग्रेस पर नाटकबाजी का आरोप
बसपा प्रमुख ने कांग्रेस पर करारा हमला जारी रखा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस दलित और शोषितों के वोट के लिए तमाम तरह की नाटकबाजी करती रहती है। वहीं, भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि मुस्लिम समाज भाजपा सरकार में सबसे अधिक दुखी और दहशत में रहा है। मुस्लिम हमेशा खुद को असुरक्षित महसूस करता रहा है। इस सरकार में प्रबुद्ध वर्ग और ब्राह्मण समाज की भी उपेक्षा होती रही है। मुसलमानों के विकास व उत्थान पर तो बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया है बल्कि द्वेष की भावना के तहत उनको अधिकतर फर्जी मामलों में फंसाकर उजाड़ने एवं बर्बाद करने का ही प्रयास किया है।
सौजन्य : Navbharat times
नोट : यह समाचार मूलरूप से navbharattimes में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









