रिटायर्ड दलित प्रधान शिक्षक से डीईओ कार्यालय में दुर्व्यवहार, भड़का शिक्षक संघ
मोतिहारी । हरसिद्धि प्रखंड के एक सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अमरदेव राम के साथ जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के एक कर्मी द्वारा दुर्व्यवहार का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अमरदेव राम ने इसकी शिकायत जिलाधिकारी से करते हुए मामले को भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध जिला प्राथमिक शिक्षक संघ की जिला कार्यसमिति की बैठक में उठा दिया है। इसको लेकर संघ ने कड़ी आपति जताते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के कर्मचारी सत्येंद्र मिश्रा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है। बेलबनवा गांधी कंप्लेक्स स्थित संघ भवन में हुई बैठक में हरसिद्धि प्रखंड के सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक अमरदेव राम ने बताया कि गत 30 जनवरी को जब वे अपनी सेवांत लाभ से संबंधित जानकारी प्राप्त करने जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय गए तो वहां पर प्रधान सहायक सत्येंद्र मिश्र द्वारा उन्हें नीची जाति कह कर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया।
इसके विरोध में श्री राम ने जिलाधिकारी को भी शिकायत की है। इस पर संघ के पदाधिकारियों ने गहरा क्षोभ व्यक्त करते हुए यह निर्णय लिया कि यदि सत्येंद्र मिश्रा पर न्यायसंगत कार्रवाई नहीं की गई तो संघ आंदोलन करने को विवश होगा। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामचंद्र द्विवेदी कर रहे थे। बैठक में जिले के सभी प्रखंडों के अध्यक्ष एवं सचिव उपस्थित थे। बैठक शिक्षकों ने स्पष्ट रूप से कहा कि जब शिक्षकों के हितवर्द्धन से संबंधित कोई उच्च अधिकारी का पत्र आता है तो उसे जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय द्वारा अनावश्यक टालमटोल कर विलंब किया जाता है। जबकि शिक्षकों को अहित पहुंचानेवाले पत्र पर तुरंत कार्रवाई की जाती है। कुछ ऐसी ही दशा शिक्षकों को मिलने वाली दसवर्षीय, बीस वर्षीय व तीस वर्षीय वित्तीय लाभ को लेकर के भी बना है।
इस संबंध में उच्च अधिकारी का पत्र आए तो छह माह से अधिक हो गए और अब तक इसके कार्यान्वयन को लेकर कार्यालय निष्क्रिय बना हुआ है। बैठक में यह तय हुआ कि इन सभी बिदुओं पर मंगलवार को जिलाध्यक्ष रामचंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल जिला शिक्षा पदाधिकारी से मिलकर समाधान निकालने का प्रयास करेगा। अन्यथा संघ आंदोलन करने को बाध्य होगा। वहीं संघ के जिला प्रधान सचिव प्रभुनंदन प्रसाद ने सभी प्रखंड अध्यक्ष एवं सचिवों को यह निर्देश दिया कि आगामी 15 मार्च 2022 तक अपने अपने प्रखंडों में सदस्यता अभियान के लक्ष्य को पूरा करें ताकि आगामी अप्रैल माह में संगठन की चुनाव प्रक्रिया संपन्न किया जा सके। बैठक में कृष्णनंदन प्रसाद सिंह, अमर देवराम, रमाकांत यादव, वीरेंद्र कुमार, संजय कुमार तिवारी, प्रभुनाथ प्रसाद, वसी अख्तर, हरिशंकर पाठक, अरविद दुबे, प्रमोद कुमार आदि उपस्थित रहे।
प्राथमिक शिक्षक संघ ने लंबित समस्याओं को लेकर पहुंचें शिक्षा पदाधिकारी के पास
मोतिहारी, संस : शिक्षकों की लम्बित समस्याओं के निदान के लिए शनिवार को जिला प्राथमिक शिक्षक संघ का एक प्रतिनिधिमंडल जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार से मिला। शिष्टमंडल का नेतृत्व संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. रामधारी प्रसाद यादव कर रहे थे। इस दौरान उनसे लम्बित समस्याओं पर चर्चा की गई। इसके बाद निर्णय लिया गया कि दस, बीस, तीस (एमए सीपीएस) योजना का लाभ शिक्षकों को शीघ्र दिया जाय। इसे 14 फरवरी से शुरू कर दिया देना चाहिए। प्रधानाध्यापक के पद पर प्रोन्नति एवं 34, 540 के अन्तर्गत नियुक्त शिक्षकों के लम्बित वेतन पर भी चर्चा की गई। शिष्टमंडल में भाग लेने वाले संघ के प्रधान सचिव जयनारायण सिंह प्रसाद, कृष्णलाल राय, व्यास बिन्दू कुमार श्रीवास्तव, रामाकान्त राय, मंडेश्वर प्रसाद, प्रधान लिपिक सत्येन्द्र मिश्र, राजीव कुमार सिंह, जयप्रकाश सिंह आदि उपस्थित थे।
सौजन्य : Dainik jagran
नोट : यह समाचार मूलरूप से jagran.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









