हत्या मामले में दो नामजद सहित अन्य पर केस
दरभंगा। मब्बी ओपी क्षेत्र के मौलागंज में बुधवार की रात जमीन विवाद में रखवार उपेंद्र दास की हत्या के मामले में दो नामजद सहित अन्य लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक की पत्नी पार्वती देवी ने विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के अलीनगर मोहल्ला निवासी अब्दुल हलीम खान के पुत्र मो. अब्दुल अजीज खान एवं पुत्री बिकलिस बेगम एवं अन्य द्वारा उपेंद्र की हत्या करवाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है।
प्राथमिकी में बताया गया है कि उपेंद्र विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के सुंदरपुर निवासी मनोज पूर्वे, संजय पूर्वे, प्रदीप पूर्वे व लहरियासराय थाना क्षेत्र के शाहगंज बेंता निवासी शंकर चौधरी के आम का बगीचे एवं जमीन की रखवाली करता था। उक्त जमीन पर कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। जमीन विवाद को लेकर भू मफिया एवं दबंग लोग बुधवार की रात दीवार तोड़ने पहुंचे। रखवाली कर रहे उपेंद्र को दलित जान मार-पीट कर हत्या कर दी। प्राथमिकी दर्ज होने की पुष्टि ओपी प्रभारी मनीष कुमार ने की है। उधर दूसरी ओर पुलिस ने गुरुवार की शाम शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारणों का सही पता नहीं चल सका है।
सौजन्य : Live hindustan
नोट : यह समाचार मूलरूप से www.livehindustan.com में प्रकाशित हुआ है. मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता के उद्देश्य से प्रकाशित किया गया है !









