राजीनामा न करने पर दलित युवक से मारपीट, जातिसूचक गालियां और जान से मारने की धमकी
पलवल के असावटी गांव में एक दलित युवक के साथ पुरानी शिकायत पर राजीनामा न करने को लेकर मारपीट, जातिसूचक गालियां और जान से मारने की धमकी दी गई।
पलवल। गदपुरी थाना अंतर्गत असावटी गांव में पुरानी शिकायत पर राजीनामा न लिखने को लेकर युवक के साथ मारपीट, जातिसूचक अपमान और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव असावटी निवासी पीड़ित टेकचंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सात अगस्त को वह दुकान से घर लौट रहा था। इसी दौरान सफेद रंग की बाइक पर देवा अपने एक साथी के साथ आया और उसे देखते ही जातिसूचक गालियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपितों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित ने लगाया क्या आरोप?
पीड़ित के अनुसार, आरोपित ने मारपीट करते हुए कहा कि पूर्व में दी गई शिकायत पर माफी मांगने के बावजूद उसने फैसला क्यों नहीं किया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे पूर्व सरपंच करन उर्फ कनछिद की सोची-समझी साजिश और सह है, जो छह अगस्त से ही फैसले का दबाव बना रहा था। वारदात के बाद पीड़ित ने अपने और अपने परिवार की जान को खतरा जताया है।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









