नीमगांव में दलित किशोरी से दुष्कर्म का आरोप:परिजनों ने आरोपी को दबोचकर पुलिस को सौंपा, केस दर्ज
लखीमपुर खीरी के नीमगांव थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय दलित नाबालिग किशोरी से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि 5 जुलाई की रात गांव के ही महबूब नामक युवक ने घर में घुसकर किशोरी के साथ जबरन दुष्कर्म किया। परिजनों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महबूब पुत्र अहमद राजा ने रात के समय घर की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश किया। उस वक्त किशोरी घर के भीतर सो रही थी। आरोप है कि आरोपी ने किशोरी के कपड़े फाड़कर उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी की चीख-पुकार सुनकर परिजनों की नींद खुल गई।
परिजनों ने आरोपी महबूब को मौके पर ही धर दबोचा। इसके बाद तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को अपनी हिरासत में लेकर थाने ले गई। पीड़िता की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ नीमगांव थाने में नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है।
नीमगांव थाना अध्यक्ष प्रवीर कुमार गौतम ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesh/lakhimpur-kh पर किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









