Kanpur: सफाईकर्मी दो धड़ों में बंटे, एक ने कूड़ा फैलाया ताे दूसरे ने समेटा, ऑफिस घेरने पर पुलिस ने भगाया
Kanpur News: कानपुर नगर निगम में निजीकरण के खिलाफ जारी सफाई कर्मियों की हड़ताल शनिवार को मांगें पूरी होने के आश्वासन पर समाप्त हो गई। हालांकि, वेतन बढ़ाने को लेकर एक गुट ने मुख्यालय में जमकर हंगामा किया।
कानपुर में नगर निगम सफाई कर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन शनिवार दोपहर खत्म हो गई। मुख्यालय में हुई सभा में नगर निगम प्रशासन की तरफ से मांगें माने जाने के साथ ही कर्मियों ने हड़ताल खत्म करने के एलान कर दिया। उधर, आउटसोर्सिंग सफाई कर्मियों के ही एक गुट ने समझौते को नकारते हुए नारेबाजी करते हुए परिसर में रखे डस्टबिन पलटकर कूड़ा फैलाया। कर्मचारी यूनियन के कार्यालय का भी घेराव कर घंटों बवाल किया।
शाम को पुलिस ने उन्हें चेतावनी देकर भगाया। दूसरी तरफ नगर निगम ने गाड़ियों से कूड़ा उठान शुरू कराया। सफाई व्यवस्था के निजीकरण के विरोध में नगर निगम कर्मियों ने 15 मई से सड़कों की सफाई से लेकर कूड़ा उठान बंद कर दिया था। बवाल बढ़ता देख नगर निगम प्रशासन ने समिति के सदस्यों से वार्ता की। तीन चरणों में हुई वार्ता के बाद 15 को ही शाम को पांच सूत्री मांगों पर लिखित सहमति दी।
समिति ने हड़ताल समाप्ति की घोषणा की
शनिवार को भी नगर निगम मुख्यालय में हुई आमसभा में दोपहर में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अमित सिंह ने सहमति पत्र पढ़कर सुनाया। बताया कि जो कर्मचारी आउटसोर्स के माध्यम से रखे गए हैं। उनमें नियमों के अंतर्गत यथा स्थिति रखी जाएगी। 6000 आउटसोर्स कर्मचारियों एवं अन्य संवर्ग के सभी कर्मचारियों को सर्विस प्रोवाइडर को स्थानांतरित न करने के संबंध में नगर आयुक्त ने कमेटी बनाई है। उसी के नियमानुसार प्रक्रिया की जाएगी। इसके बाद समिति ने हड़ताल समाप्ति की घोषणा कर दी।
कर्मचारियों को सेवा निगम बोर्ड का लाभ भी मिलता रहेगा
संघर्ष समिति के सदस्य रमाकांत मिश्रा, धीरज गुप्ता, हरिओम वाल्मीकि, मुन्ना हजारिया ने बताया कि सभी कर्मचारी पूर्व की तरह अपने पदों पर कार्यरत रहेंगे। कर्मचारियों को सेवा निगम बोर्ड का लाभ भी मिलता रहेगा। रविवार से युद्धस्तर पर सफाई व्यवस्था की जाएगी। सभा को जयपाल सिंह, विनोद रावत, अजीत बाघमार, उस्मान अली शाह, मुकेश वाल्मीकि, पिंटू चौधरी, कमरुद्दीन, अखिलेश सिंह, रामगोपाल चौधरी, बृजलाल भारती, प्रदीप वाल्मीकि, चमन खन्ना, देवीदीन भाऊ, मुन्ना गंगोत्री, रमेश शर्मा, संजय हजारिया आदि ने संबोधित किया।
वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर किया हंगामा
नगर निगम प्रशासन और समिति में हुए समझौते के तहत हड़ताल खत्म करने का एलान होते ही गुस्साए आउटसोर्सिंग कर्मियों के एक गुट ने नगर निगम मुख्यालय में घंटों नारेबाजी और हंगामा किया। नगर निगम कार्यालय में जगह-जगह कूड़ा फैला दिया। कर्मचारी यूनियन कार्यालय का घेराव कर हंगामा किया। इन लोगों ने वेतन बढ़ाने के बाद ही काम पर लौटने की धमकी दी। शाम तक स्वरूपनगर पुलिस उन्हें समझाती रही, न मानने पर भगा दिया।
सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त होते ही दोपहर में सभी जोन में जेसीबी, बॉबकट से कूड़ा उठवाना शुरू कर दिया गया है। एक-दो दिन में डंप कूड़ा भी उठ जाएगा। -अर्पित उपाध्याय, नगर आयुक्त
सौजन्य :अमर उजाला
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.amarujala.com/uttar-pradesh/kan पर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









