बकाया भुगतान को लेकर सफाई कर्मचारियों का अनोखा प्रदर्शन, कचरा फैलाकर शहर में निकाला जुलूस
झारखण्ड देवधर में नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने बकाया भुगतान को लेकर शहर में कचरा फैलाकर प्रदर्शन किया|
देवघर:शहर में पिछले कई दिनों से साफ-सफाई व्यवस्था पूरी से तरह प्रभावित है. शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर कचरे का अंबार लगा हुआ है. जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जगह-जगह फैली गंदगी के कारण लोगों में नाराजगी और हताशा देखी जा रही है. स्थानीय लोग लगातार नगर निगम से शहर की सफाई व्यवस्था जल्द बहाल करने की मांग कर रहे हैं|
सफाई कर्मियों ने की पीएफ और एरियर भुगतान की मांग
सफाई व्यवस्था बाधित होने के पीछे नगर निगम कर्मियों का विरोध प्रदर्शन मुख्य कारण बताया जा रहा है. देवघर नगर निगम के स्थायी सफाई कर्मचारी अपने बकाया वेतन, पीएफ और एरियर भुगतान की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं. हालांकि नगर निगम की ओर से निजी सफाई कर्मियों के माध्यम से शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है. लेकिन स्थायी कर्मचारियों के काम बंद करने से स्थिति सामान्य नहीं हो पा रही है|
संवाददाता हितेश कुमार चौधरी की रिपोर्ट (ईटीवी भारत)
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि पिछले कई महीनों से उनका पीएफ और एरियर का भुगतान लंबित है. लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है. इसी के विरोध में सफाई कर्मियों ने अपने संगठन के नेतृत्व में शहर के विभिन्न इलाकों से जुलूस निकाला और नगर निगम कार्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया.
नगर आयुक्त कार्यालय के बाहर किया प्रदर्शन
नगर निगम कार्यालय पहुंचने के बाद कर्मचारियों ने नगर आयुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन करते हुए जल्द बकाया भुगतान की मांग की. वहीं सफाई कर्मचारियों के प्रदर्शन का तरीका भी चर्चा का विषय बना रहा. इसबार शहर की सफाई करने वाले कर्मियों ने विरोध के दौरान कई चौक-चौराहों पर कचरा फैलाकर अपना आक्रोश जताया|
स्थानीय लोगों का कहना है कि कर्मचारियों की मांग जायज हो सकती है. लेकिन शहर में कचरा फैलाने से आम जनता को परेशानी हो रही है. लोगों ने कहा कि कर्मचारियों के बकाया भुगतान का समाधान नगर निगम कार्यालय में बातचीत के जरिए होना चाहिए, न कि शहर को गंदा करके. स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से जल्द कर्मचारियों का बकाया भुगतान करने की मांग की है. साथ ही सफाई कर्मियों से भी आम जनता की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए आंदोलन करने की अपील की है|
सौजन्य :इटीवी
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.etvbharat.com/amp/hi/state/sanitपर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









