गाड़ी किराए पर ली, पैसा मांगा तो की मारपीट:दबंग ने दलित युवक को बेल्ट से पीटा, पुलिस ने बाड़मेर से किया गिरफ्तार
जैसलमेर जिले की फलसूंड थाना पुलिस ने एक दलित युवक के साथ मारपीट करने के मामले में एक युवक को बाड़मेर से गिरफ्तार किया। दरअसल दलित युवक खेताराम ने मुकेश जाट नामक व्यक्ति को अपनी गाड़ी किराए पर दी थी। मगर उसने गाड़ी में खराबी बताकर कुछ दिनों बाद लौटाई और किराया आदि नहीं दिया।
गाड़ी का किराया मांगने पर मुकेश जाट ने खेताराम के साथ मारपीट की और उसे जातिसूचक शब्दों से अपमानित भी किया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी मुकेश जाट को गिरफ्तार किया। आरोपी से इस मामले को लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
पैसे मांगने पर की मारपीट
फलसूंड थाना प्रभारी सुमेर दान ने बताया- 13 जून को खेताराम पुत्र दमाराम मेघवाल निवासी चांदनी मेघासर ने पुलिस थाना फलसूण्ड में शिकायत दी। शिकायत में उसने बताया कि- मैंने मुकेश जाट को मेरी गाड़ी किराये पर दी थी। गाड़ी में खराबी होने से गाड़ी रिपेयर के लिए मुझे दे दी, मगर गाड़ी का न तो किराया दिया न ही गाड़ी के सर्विस के रुपए दिए।
पीड़ित खेताराम ने बताया- 12 जून को शाम लगभग 7.30 बजे मुकेश जाट की ऑफिस नेतासर रोड फलसूण्ड गया तो मुकेश जाट व 4 अन्य लोग वहां पर मौजूद थे। मैने मेरे हिसाब किताब की बात की तो उन्होंने मेरे को जाति सूचक शब्दों से अपमानित कर, मुझे बंधक बनाकर कर अन्दर ले जाकर मेरे साथ धक्का मुक्की व बैल्ट से मारपीट की।
मुकेश जाट ने मेरा फोन भी छीन लिया। फिर उन्होंने पिस्तौल दिखाकर मेरे फोन-पे के पासवर्ड लिए और मेरे खाते से रुपए ट्रांसफर किए। मुकेश ने मेरे को बोला कि झूठे मुकदमों में फंसा देंगे। पुलिस ने पीड़ित खेताराम की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी मुकेश की तलाश शुरू की।
बाड़मेर से किया गिरफ्तार
जिला पुलिस अधीक्षक, जैसलमेर सुधीर चौधरी के आदेशानुसार फलसूंड थाना प्रभारी सुमेरदान के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई। पुलिस टीम ने तकनीकी मदद से मुकेश उर्फ मोटाराम पुत्र पताराम जाट निवासी काश्मीर, बाड़मेर को गिरफ्तार किया। मुकेश जाट से इस मामले को लेकर लगातार पूछताछ जारी है। मुकेश को पकड़ने में सीओ भवानीसिंह, SHO सुमेरदान, ASI कलमसिंह, चंद्रप्रकाश, कॉन्स्टेबल जितेंद्रसिंह, सवाईसिंह व भागीरथ शामिल रहे।
सौजन्य : दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.bhaskar.com/local/uttar-prade प्रकाशित किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









