नसीराबाद में दलित युवती से दुष्कर्म का आरोप:मुख्य आरोपी गिरफ्तार, SC/ST एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस
रायबरेली के नसीराबाद थाना क्षेत्र के एक गांव में 18 वर्षीय दलित युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दुष्कर्म, एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच में जुटी है।
पीड़िता की मौसी द्वारा दर्ज कराई गई तहरीर के अनुसार, 28 जुलाई की शाम करीब 4 बजे गांव निवासी प्रेम सागर तिवारी पुत्र दयाशंकर तिवारी कथित रूप से युवती को बहला-फुसलाकर अपने ट्यूबवेल के कमरे में ले गया।
आरोप है कि वहां उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए युवती को धमकी दी कि यदि उसने किसी से घटना का जिक्र किया या पुलिस में शिकायत की तो उसे जान से मार दिया जाएगा। आरोपी ने यह भी कहा कि उसका परिवार प्रभावशाली और राजनीतिक पहुंच वाला है।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे, तो वहां मौजूद लोगों ने कथित रूप से पीड़ित पक्ष के लोगों के साथ गाली-गलौज की, जातिसूचक टिप्पणियां कीं और जान से मारने की धमकी दी। ग्रामीणों की भीड़ बढ़ने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
क्षेत्राधिकारी सलोन यदुवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद तहरीर के आधार पर दुष्कर्म, एससी/एसटी एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
उन्होंने कहा कि मुकदमे में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना सभी साक्ष्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे बढ़ाई जा रही है।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









