दो महीने से वेतन का इंतजार : त्योहार कैसे मनाएं? सफाईकर्मियों का फूटा गुस्सा, काम बंद कर धरने पर बैठे कर्मचारी
नगरपालिका परिषद शिवपुर-चरचा में दो महीने से वेतन नहीं मिलने पर कार्यालयीन कर्मचारियों और सफाईकर्मियों ने नगरपालिका परिषद के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए धरना शुरू किया है।
कमालुद्दीन अंसारी- कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के नगरपालिका परिषद शिवपुर-चरचा में दो महीने से वेतन नहीं मिलने पर कार्यालयीन कर्मचारियों और सफाईकर्मियों का आक्रोश सामने आया है। बकाया वेतन के भुगतान में हो रही देरी से परेशान कर्मचारियों ने नगरपालिका परिषद के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए धरना शुरू कर दिया है। कर्मचारियों का कहना है कि त्योहारों के समय भी वेतन नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
दो महीने से वेतन नहीं, त्योहार की खुशियां फीकी
कर्मचारियों के मुताबिक, उन्हें पिछले दो महीनों से वेतन नहीं मिला है। दशहरा जैसे प्रमुख त्योहार के दौरान भी भुगतान नहीं होने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। अब नवरात्रि और अन्य त्योहारों के बीच भी उनके पास जरूरी सामान खरीदने तक के पैसे नहीं हैं। कर्मचारियों की चिंता इसलिए भी बढ़ गई है, क्योंकि अगले दिन से बैंकों में छुट्टी रहने वाली है।
पूजा सामग्री खरीदने तक के पैसे नहीं
नगरपालिका परिषद की एक महिला सफाईकर्मी ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि दो महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण इस बार नवरात्रि और दशहरा मनाना भी मुश्किल हो गया है। कई महिलाएं नौ दिनों का व्रत रख रही हैं, लेकिन उनके पास पूजा-पाठ के लिए जरूरी सामग्री खरीदने तक के पैसे नहीं हैं। महिला कर्मचारी के अनुसार, अभी तक वे त्योहारों के लिए कोई खरीदारी नहीं कर पाई हैं।
वेतन मिलने तक काम पर नहीं लौटने की चेतावनी
महिला सफाईकर्मी ने स्पष्ट कहा कि जब तक कर्मचारियों के खातों में वेतन जमा नहीं हो जाता, तब तक वे काम पर वापस नहीं लौटेंगी। कर्मचारियों के इस रुख से नगरपालिका परिषद के सामने बकाया भुगतान का मामला गंभीर हो गया है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि परिषद प्रबंधन कर्मचारियों की मांग पर कब तक कार्रवाई करता है और उन्हें उनका रुका हुआ वेतन कब मिलता है।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र








