धर्मपुर में पीड़ित दलित परिवार से मिले भीम आर्मी जिलाध्यक्ष:एसपी से की त्वरित कार्रवाई की मांग, पुलिस अधीक्षक ने निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा
शिवहर जिले के पिपराही प्रखंड के धर्मपुर गांव में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के जिलाध्यक्ष बागी कौशल कुमार प्रियदर्शी ने एक अनुसूचित जाति के पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने घटना की जानकारी ली और परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
पीड़ित परिवार के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को गांव की दो महिलाओं के साथ मारपीट और उत्पीड़न की घटना हुई थी। इस मामले में निशा कुमारी (पिता – सिपाही राय) और सुगंधी देवी (पति – सिपाही राय) पर आरोप लगाए गए हैं।
परिवार का कहना है कि घटना के बाद से उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं। इस संबंध में 13 जुलाई 2026 को एससी/एसटी थाना कांड संख्या 17/26 दर्ज कराया गया था। हालांकि, पीड़ित परिवार का आरोप है कि मामला दर्ज होने के बावजूद प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे उनमें भय और असुरक्षा का माहौल है।
मौके पर पहुंचे जिलाध्यक्ष बागी कौशल कुमार प्रियदर्शी ने तत्काल शिवहर पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात की। उन्होंने मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधीक्षक ने उन्हें आश्वासन दिया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई करेगी।
इस दौरान भीम आर्मी के जिला सचिव राकेश बैठा भी उपस्थित रहे। संगठन ने प्रशासन से दोषियों के विरुद्ध जल्द कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र








