40 हजार आबादी वाले दलित बहुत मालधन इलाके में फिर हुई स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल, महिलाओं ने दो आंदोलन की चेतावनी
मालधन क्षेत्र की 40 हजार से भी अधिक आबादी है और यह पूरा इलाका एकअनुसूचित जाति व ओबीसी बहुल है, पिछले वर्ष जनता के दबाव में जनता को स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी शुरू हुई थी, जिन्हें भी अब छीन लिया गया है|
Ramnagar news। महिला एकता मंच ने मालधन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक के माध्यम से मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल (उत्तराखंड) को ज्ञापन भेजकर मालधन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मानकों के अनुरूप चिकित्सकों की नियुक्ति सर्जन, प्रसूति एवं स्त्री रोग, विशेषज्ञ ,बाल रोग और डंप पड़ी एक्स-रे मशीन को चालू करने, अल्ट्रासाउंड, 24*7 आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया।
मंच ने उक्त मांगों का ठोस समाधान प्रस्तुत नहीं किए जाने पर आगामी 5 अगस्त अस्पताल के समक्ष धरना प्रदर्शन कर आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन में कहा गया है कि मालधन क्षेत्र की 40 हजार से भी अधिक आबादी है और यह पूरा इलाका एकअनुसूचित जाति व ओबीसी बहुल है, पिछले वर्ष जनता के दबाव में जनता को स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी शुरू हुई थी, जिन्हें भी अब छीन लिया गया है।
भगवती आर्य ने कहा कि दिन में 2 बजे के बाद यहां पर मरीजों को किसी भी तरह के का इलाज और इमरजेंसी सुविधा उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि मालधन के मौजूद गिने चुने डाक्टरों को भी दूसरी जगह पर अटैच किया गया है। भाजपा सरकार की यह कार्रवाई जनता के विश्वासघात है जिसे मालधन की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।
पुष्पा ने कहा कि एक्स-रे की मशीन अस्पताल में मौजूद है, परंतु उसे डब्बों में बंद करके कमरे में बंद कर दिया गया है और एक्स-रे के लिए लोगों को प्राइवेट अस्पताल में भेजा जाता है। महिला एकता मंच ने मांग की है कि मालधन के अस्पताल में मानकों के अनुसार बाल रोग विशेषज्ञ , सर्जन, प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ तथा एनेस्थेटिस्ट और पैरामेडिकल स्टाफ की तत्काल नियुक्ति की जाए और यदि 15 दिन के भीतर इन मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है तो महिला एकता मंच 5 अगस्त (बुधवार) को दिन में 11 बजे से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मालधन में धरना प्रदर्शन करने के लिए विवश होगा। इस दौरान भगवती आर्य, पुष्पा, विनीता टम्टा, ममता, देवी, सोनी, रजनी, रेखा, सरला आदि महिलाएं मौजूद रहीं।
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र









