CJP प्रोटेस्ट पर अरुंधति रॉय-नसीरुद्दीन शाह समेत इन हस्तियों ने तोड़ी चुप्पी, सोनम वांगचुक से भूख हड़ताल खत्म करने की अपील
दिल्ली के जंतर मंतर पर सीजेपी का प्रदर्शन जारी है। इस बीच सोनम वांगचुक से भूख हड़ताल खत्म करने की अपील कई दिग्गज हस्तियों ने की है। इनमें रुंधति रॉय, अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह शामिल हैं। उन्होंने जंतर-मंतर के प्रोटेस्ट को सपोर्ट भी किया है।
सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल
नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन लगातार जारी है। इसमें सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर हैं। बीते 17 दिनों से उनकी भूख हड़ताल जारी है। इस बीच कई प्रमुख हस्तियों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे वांगचुक और प्रदर्शनकारियों से अपना अनशन समाप्त करने की अपील की है।
इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का पूर्ण समर्थन भी जताया। इनमें लेखिका अरुंधति रॉय, अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह और अर्थशास्त्री जयती घोष सहित कई दिग्गज शामिल हैं।
भूख हड़ताल खत्म करने की अपील
इन हस्तियों ने संयुक्त बयान में कहा कि सरकार के खिलाफ जारी इस आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए वे प्रदर्शनकारियों के अत्यंत आभारी हैं, लेकिन उनकी लगातार बिगड़ती सेहत को लेकर गहरी चिंता भी व्यक्त करते हैं। बयान में कहा गया कि हम आपके उद्देश्य के प्रति समर्पण, दृढ़ संकल्प और साहस को सलाम करते हैं। आप पूरे देश के विद्यार्थियों और युवाओं के लिए इस आंदोलन का नेतृत्व कर रहे हैं।
‘आगे लंबी और अधिक कठिन लड़ाई’
प्रदर्शनकारियों से अनशन समाप्त करने की अपील करते हुए इन हस्तियों ने कहा कि हम आपसे आग्रह करते हैं कि आगे की लंबी और अधिक कठिन लड़ाई को ध्यान में रखते हुए कृपया तत्काल अपना अनशन समाप्त करने पर विचार करें। यह संघर्ष छोटी दूरी की दौड़ नहीं, बल्कि लंबी मैराथन है। आने वाले दिनों में हमें आपकी ऊर्जा, आपकी ताकत और आपके नेतृत्व की आवश्यकता होगी।
सीजेपी फाउंडर ने दिया वांगचुक की हेल्थ पर अपडेट
प्रमुख हस्तियों के इस समूह ने कहा कि उन्हें आशंका है कि सरकार की ओर से उनकी मांगों पर कथित तौर पर ध्यान न दिए जाने से अनशन पर बैठे लोगों की सेहत और अधिक बिगड़ सकती है। इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी फाउंडर ने एक्स पर एक पोस्ट में सोनम वांगचुक की हेल्थ को लेकर अपडेट दिया है।
‘मसल्स कम होने लगी है, बहुत दर्द हो रहा’
सोनम वांगचुक ने मंगलवार को एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘सोनम सर की भूख हड़ताल का 17वां दिन। उनकी मसल्स कम होने लगी हैं और उन्हें बहुत दर्द हो रहा है। बाकी सब की तरह, मैंने भी उनसे अपना अनशन खत्म करने की गुजारिश की। उन्होंने शांति से जवाब दिया, ‘मुझसे अनशन खत्म करने के लिए मत कहो। सरकार से पूछो कि वे बातचीत क्यों नहीं कर रहे हैं।’
सौजन्य :जस्टिस न्यूज़
माध्यम :समाचार पत्र








