दलित युवक से मारपीट, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप:गरोठ पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा, केस दर्ज
मंदसौर जिले के गरोठ थाना क्षेत्र के ग्राम देथली खुर्द में एक दलित युवक के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, फरियादी रामगोपाल मेहर ने गरोठ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। विवाद की मुख्य वजह लगभग एक साल पुराना ‘मोरम’ (मुरम) डालने से जुड़ा है। पीड़ित ने बताया कि उसने अपने प्लॉट के पास मोरम डलवाई थी, जिस पर आरोपी बजरंग धाकड़ और दिलीप धाकड़ उससे रंजिश रखते थे। आरोपियों का कहना था कि पीड़ित ने उनके डंपर से मोरम क्यों नहीं डलवाई।
इसी पुरानी बात को लेकर आरोपियों ने रामगोपाल को घेर लिया और उसके साथ विवाद शुरू कर दिया। विवाद के दौरान आरोपियों ने पीड़ित को जातिसूचक शब्द कहे और लात-घूसों से मारपीट की। इस हमले में रामगोपाल के सिर, पेट और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान एक महिला के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे राहगीरों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया।
गरोठ थाना प्रभारी बलवीर सिंह यादव ने बताया कि पीड़ित रामगोपाल मेहर की रिपोर्ट पर आरोपी बजरंग धाकड़ और दिलीप धाकड़ के खिलाफ अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम (एसटी-एससी एक्ट) सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और मामले की आगे की विवेचना जारी है।
भास्कर के अनुसंधान में सामने आया है कि पीड़ित पक्ष कथावाचक रामपाल का अनुयायी है, जिसका सामाजिक स्तर पर विरोध भी हो रहा था। कथावाचक रामपाल के अनुयायियों द्वारा गांव में पुस्तक वितरण की बात भी सामने आई है, जिससे यह मारपीट की घटना घटित हुई।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप सेhttps://www.bhaskar.com/local/mp/mandsaur/ga पर किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









