वन विभाग की मनमानी के खिलाफ बनवासी-दलित समुदाय:नौगढ़ में 48 घंटे की भूख हड़ताल का ऐलान, पुश्तैनी जमीन की मांग
चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील मुख्यालय पर आदिवासी बनवासी और दलित समुदाय ने वन विभाग की कथित मनमानी के खिलाफ 48 घंटे की भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया है। यह हड़ताल बुधवार को घोषित की गई।
समुदाय के लोगों ने मांग की है कि वन अधिकार कानून के तहत दाखिल उनके दावों को मान्यता दी जाए और उन्हें पुश्तैनी जमीन का मालिकाना हक प्रदान किया जाए। उन्होंने खेती और बसावट कर रहे परंपरागत वन निवासियों को बेदखली से रोकने की भी अपील की। इसके अतिरिक्त, वक्ताओं ने गोंड आदिवासी समाज को अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र जारी करने और जाति प्रमाण पत्र को लेकर दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग भी उठाई।
राम प्यारे राम ने आरोप लगाया कि वन विभाग और भू-माफिया का गठजोड़ आदिवासियों को उनकी पुश्तैनी जमीन से बेदखल कर रहा है। रामकृत कोल ने बताया कि गोंड समाज को जाति प्रमाण पत्र न मिलने के कारण शिक्षा और रोजगार प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मौके पर पतालू गोंड, संगीता देवी, लालमणि देवी, ईश्वर दयाल सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला काउंसिल सदस्य रामेश्वर प्रसाद ने की, जबकि भाकपा माले राज्य कमेटी सदस्य सुरेश कोल ने इसका संचालन किया|
सौजन्य :दैनिक भास्कर
मूलरूप से https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradपर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक चर्च, विशेष रूप से अपराधियों के लिए किया जाता है|








