शादी का झांसा देकर दलित युवती से 8 साल दुष्कर्म:आसिफ पर धर्म परिवर्तन, गोमांस खिलाने और गर्भपात कराने का आरोप
अकबरपुर में एक दलित युवती ने आसिफ नामक युवक पर शादी का झांसा देकर आठ साल तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि आसिफ ने उसका धर्म परिवर्तन कराया, गोमांस खिलाया और बुर्का पहनने के लिए मजबूर किया। उसने गर्भपात कराने और जानलेवा हमले के भी आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आसिफ के खिलाफ दुष्कर्म और उसके पिता व भाई के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अकबरपुर के मीरानपुर निवासी आसिफ की उसके गांव में रिश्तेदारी है। करीब आठ साल पहले दोनों की जान-पहचान हुई और वे बातचीत करने लगे। इसी दौरान आसिफ ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करना शुरू कर दिया।
युवती के अनुसार, 6 सितंबर 2023 को आसिफ उसे अपने घर ले गया और वहां दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसने युवती के हाथ पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। कुछ दिन अपने घर पर रखने के बाद आसिफ उसे लुधियाना ले गया। जब युवती गर्भवती हुई, तो आसिफ उसे वहीं छोड़कर घर लौट आया।
युवती किसी तरह आसिफ के घर पहुंची, जहां आसिफ, उसके पिता जलालुद्दीन और भाई आरिफ ने जबरन दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। तबीयत ठीक होने के बाद उसे एक मदरसे में ले जाया गया, जहां उसका धर्म परिवर्तन कराया गया। इसके बाद उसे गोमांस खिलाया गया और बुर्का पहनने के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने पर उसे जातिसूचक गालियां भी दी गईं।
युवती ने बताया कि 30 अक्टूबर 2025 को आसिफ ने उसे अपने घर से भगा दिया था और समझाने के बावजूद अपने साथ रखने को तैयार नहीं हुआ। सोमवार को युवती ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की।
कोतवाल श्रीनिवास पांडेय ने जानकारी दी कि शिकायत के आधार पर आसिफ के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, और उसके पिता व भाई के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों प्रार्थना पत्रों की जांच की जा रही है और एक आरोपी से पूछताछ जारी है।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से प्रकाशित https://www.bhaskar.com/local/uttar-pra किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है|









