ग्राम प्रधान पर दलित महिला से मारपीट का आरोप:मधुबन में बाल पकड़कर जमीन पर गिराया, जातिसूचक गालियां देने का आरोप
मऊ जनपद के मधुबन थाना क्षेत्र के रामपुर तिवारी (भहोली) गांव में एक अनुसूचित जाति की महिला ने ग्राम प्रधान पर मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगाया है। यह मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है।
प्रार्थनी रीता देवी, पत्नी संतोष हरिजन, निवासी रामपुर तिवारी भहोली ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि ग्राम प्रधान सोहन यादव, पुत्र परिया यादव, उनकी जमीन पर जबरन खड़ंजा डलवा रहे थे। रीता देवी के अनुसार, जब उन्होंने इसका विरोध करते हुए पुरानी जगह पर ही खड़ंजा डलवाने की बात कही, तो प्रधान उनसे विवाद करने लगे।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर प्रधान ने उन्हें जातिसूचक शब्दों से अपमानित किया। महिला ने आरोप लगाया कि प्रधान ने उनके बाल पकड़कर खींचे और थप्पड़-मुक्कों से मारपीट की। जब उन्होंने विरोध किया, तो उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई।
महिला ने बताया कि शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया। यह घटना 25 अक्टूबर की बताई गई है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान अक्सर उन्हें धमकी देते और परेशान करते रहते हैं। पीड़ित महिला ने बताया कि जब वह इस मामले को लेकर मधुबन थाना प्रभारी के पास गईं।
तो उनकी बात नहीं सुनी गई और उन्हें सुलह-समझौते के लिए कहकर वापस भेज दिया गया। रीता देवी ने अब मधुबन क्षेत्राधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी ग्राम प्रधान सोहन यादव के खिलाफ अनुसूचित जाति जनजाति अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
सौजन्य : दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से प्रकाशित https://www.bhaskar.com/local/utta किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है|









