खागा में दलित युवकों पर लाठी-डंडो से हमला:हमले में दो लोग घायल, मेडिकल टेस्ट कराया गया, पुलिस जांच में जुटी
फतेहपुर यूपी जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर गांव में मामूली विवाद को लेकर दलित युवकों पर हमला किया गया। दर्जनों लोगों ने लाठी-डंडों से मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायलों में संदीप कुमार पुत्र रामसेवक शामिल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद फतेहपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
घायल संदीप कुमार ने बताया कि वह जंगल से भैंस चराकर घर लौट रहा था। रास्ते में राज सिंह और संदीप सिंह (पुत्रगण माधव सिंह) ने भैंस को देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी। जब संदीप ने इसका विरोध किया, तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद, वे अपने दो अन्य साथियों, बेटा सिंह (पुत्र स्वर्गीय इंद्रपाल) और विपिन (पुत्र बेटा सिंह) समेत करीब दो दर्जन लोगो को बुला लाए।
उक्त लोगो ने मिलकर संदीप, उसके भाई मिथुन और माँ रामसखी को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। संदीप के अनुसार, हमलावर तब तक मारते रहे जब तक वे खून से लथपथ नहीं हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को हरदो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायल पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
खागा कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। हमलावरों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है, जिसके आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं जोड़ी जाएंगी।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से प्रकाशित https://www.bhaskar.com/local/uttar-p किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है|









