दलित युवक ने इंस्पेक्टर पर पिटाई का आरोप लगाया:महिला आयोग सदस्य से शिकायत, कार्रवाई का आश्वासन
अमेठी में एक दलित युवक कमल कुमार ने इंस्पेक्टर अमेठी पर जबरन पिटाई और जातिसूचक शब्दों के प्रयोग का आरोप लगाया है। युवक ने अमेठी दौरे पर आईं महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा से शिकायत की है, जिसके बाद सदस्य ने कार्रवाई करवाने का आश्वासन दिया है।
यह पूरा मामला अमेठी कोतवाली क्षेत्र का है। कस्बे के रायपुर फुलवारी निवासी कमल कुमार पासी ने सेपियन स्कूल के पास जमीन का बैनामा लेकर उस पर बाउंड्रीवॉल बनवाई थी। दो दिन पहले अज्ञात लोगों ने इस बाउंड्रीवॉल को गिरा दिया था।
मंगलवार सुबह जब कमल कुमार अपनी बाउंड्रीवॉल दोबारा बनवा रहे थे, तभी अमेठी कोतवाल रवि सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। युवक का आरोप है कि कोतवाल ने उसकी पिटाई की, गालियां दीं और उसे थाने ले गए। एक घंटे बाद धमकी देकर उसे छोड़ दिया गया।
दलित युवक कमल कुमार हृदय रोगी है और तीन महीने पहले उसका ऑपरेशन भी हुआ था। उसने बताया कि उसने गिरी हुई बाउंड्री के संबंध में थाने में शिकायत भी की थी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई करने के बजाय उसे ही पीटा और गालियां दीं।
आज अमेठी दौरे पर आईं महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला कार्यालय पहुंचीं, जहां दलित युवक ने शिकायती पत्र देते हुए इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रतिभा कुशवाहा ने तत्काल इंस्पेक्टर रवि सिंह को फोन कर मामले में कार्रवाई करने का निर्देश दिया और पिटाई को लेकर नाराजगी भी जाहिर की।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से प्रकाशितhttps://www.bhaskar.com/local/uttar-pra किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है|









