थाने में जातिवाद! अपने लोगों को दी मलाईदार पोस्टिंग, दिल्ली में SHO के खिलाफ विजिलेंस ने शुरू की जांच
दिल्ली के जैतपुर थाने में एक पुलिसकर्मी ने एसएचओ पर जाति के आधार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया है, जिसमें थाने की बीट का ठेका विशेष जाति के पुलिसकर्मियों को देने की बात कही गई है।
नई दिल्ली: बॉलीवुड फिल्मों में तो आपने पुलिस डिपार्टमेंट में जाति के आधार पर होने वाले भेदभाव के कई सीन देखे होंगे। मगर आज जो हम आपको बताने जा रहे हैं, वो किसी फिल्म का सीन नहीं, बल्कि देश की राजधानी के एक थाने का हाल है। मामला साउथ-ईस्ट दिल्ली के जैतपुर थाने का है। यहां तैनात एक पुलिसवाले ने अपने थाने के एसएचओ के खिलाफ जाति के आधार पर भेदभाव करने जैसे संगीन आरोप लगाए हैं।
ऐसा पहली बार नहीं, जब इस एसएचओ पर इस तरह के भेदभाव का आरोप लगा हो। हालांकि इस बार की खास बात यह है कि इस बार SHO के खिलाफ लिखित शिकायत हो गई है। फिलहाल डीसीपी साउथ ईस्ट मामले को गलत बता रहे हैं, मगर डिस्ट्रिक्ट की विजिलेंस यूनिट में तैनात सूत्र का कहना है कि मामले में हुई शिकायत की जांच का जिम्मा विजिलेंस को ही सौंपा गया है।
बीट का ठेकेदार अपनी जाति वालों को बनाया
पुलिस सूत्र ने बताया, मामले में शिकायत करने वाला थाने में ही तैनात है। उसने अपनी शिकायत में यहां तक दावा किया है कि SHO ने थाने की तमाम बीट का ठेकेदार भी अपनी जाति यानी यादव समाज के पुलिसकर्मियों को ही बनाया है। कोई भी अच्छा या मलाईदार काम होता है तो वो भी उन्हें दिया जाता है। बाकी सिरदर्दी वाले सारे काम दूसरे पुलिसकर्मियों को सौंपे जाते हैं।
इन आरोपों को देखते हुए जिले की विजिलेंस टीम ने जांच शुरू कर दी है। थाने पहुंचकर पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फिलहाल SHO छुट्टी पर गए हुए हैं।
महिला एसआई ने भी लगाए थे आरोप
एक अन्य पुलिस सूत्र ने बताया, SHO पर इस तरह का आरोप एक महिला एसआई भी लगाकर गई थी। वह अब बदरपुर थाने में तैनात हैं, मगर जाने से पहले एसआई ने भी एसएचओ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। यही नहीं साउथ-ईस्ट जिले के कालकाजी थाने में भी इस तरह के आरोप लग रहे हैं। वहां की भी जांच जल्द शुरू हो सकती है।
सौजन्य :नवभारत टाइम्स
नोट: यह समाचार मूल रूप सेhttps://navbharattimes.indiatimes.com/ प्रकाशित किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









