पेड़ से उलटा लटकाकर बेहोश होने तक पीटा:फतेहपुर में लात-घूंसे, फिर लाठी-डंडों मारते रहे; चोरी के शक में पकड़ा था
फतेहपुर में ग्रामीणों ने एक युवक को पेड़ से उलटा लटका कर पीटा। पहले उसके कपड़े उतारे। उसे लात-घूंसे मारे, फिर लाठी-डंडों से पीटा। युवक चीखता-चिल्लाता रहा। ग्रामीणों की भीड़ लगी रही, लेकिन उसे कोई बचाने नहीं आया।
मामला छिमी गांव का है। पीड़ित भी इसी गांव का रहने वाला है। वह शुक्रवार रात 10 बजे अपने खेत की तरफ जा रहा था। तभी ग्रामीणों ने चोर समझ कर उसे पकड़ लिया। फिर गांव के बीचों-बीच नीम के पेड़ से बांधकर उलटा लटका दिया। लोगों ने उसे तब तक मारा, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। युवक को छुड़ाकर खागा CHC पहुंचाया। जहां गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टर ने उसे कानपुर रेफर कर दिया। युवक की पहचान नरेश पासी (30) के रूप में हुई है।
पहले क्रूरता की 2 तस्वीरें…
अब पढ़िए पूरा मामला
खागा थाना क्षेत्र के छिमी गांव के रहने वाले विजय सिंह ने बताया कि नरेश इसी गांव का है। वह खेती किसानी करता है। उसके घर में मां-पिता और दो छोटी बहनें हैं। शुक्रवार रात 10 बजे नरेश घर से अपनी खेत की तरफ जा रहा था।
तभी एक युवक उसे देखते ही चोर-चोर कहकर शोर मचाने लगा। नरेश कुछ समझ पाता, इसके पहले गांव के लोगों ने उसे दौड़ा लिया। लोगों को अपनी तरफ लाठी-डंडा लेकर आता देख नरेश भागने लगा।
ग्रामीणों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। फिर उसे गांव के बीचों-बीच ले गए। कुछ लोग उसकी पिटाई करने लगे। इतने में एक युवक रस्सी लेकर आया और उसे नीम के पेड़ में बांध कर उल्टा लटका दिया। फिर उसके कपड़े उतारे गए।
विजय सिंह ने बताया कि गांव वालों का शोर सुनकर वह मौके पर पहुंचे। वहां देखा लोग नरेश को पीट रहे हैं। उन्होंने नरेश को बचाने की कोशिश की, तो लोगों ने उनके ऊपर भी हमला कर दिया। उनके सिर में भी चोट आई है।
नरेश रोता-बिलखता रहा, लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी। कुछ लोग उसे डंडे से पीटते जा रहे थे। कुछ लोग खड़े होकर तमाशा देखते रहे। एक युवक कहा रहा था कि कोई भी पुलिस को खबर नहीं करेगा। हम खुद इससे चोरी की बात कबूल करवाएंगे।
पुलिस पहुंची तो लोग भागे लोगों ने नरेश की इतनी पिटाई की कि वह बेहोश हो गया। थोड़ी देर बाद होश आने पर छोड़ने को बोलने लगा। फिर बेहोश हो गया। पास खड़े एक युवक ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। फिर सोशल मीडिया पर डाल दिया।
थोड़ी देर में वीडियो पुलिस ने देखा। खागा पुलिस रात में ही गांव में पहुंची। पुलिस देख ग्रामीण भाग गए। पुलिस ने युवक की रस्सी खोली। फिर बेहोशी की हालत में ही अस्पताल पहुंचाया। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने रेफर कर दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि छिमी गांव में शुक्रवार रात 10 बजे युवक से चोरी के शक पर मारपीट की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। ग्रामीण विजय सिंह की शिकायत पर 7 नामजद और 5 से 7 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अब आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.bhaskar.com/local/uttar-pr प्रकाशित किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









