प्रयागराज से नाबालिग दलित लड़की का अपहरण कर केरल में आतंकी बनाने की साजिश, 2 गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश की प्रयागराज पुलिस ने एक बड़े खुलासे का दावा किया है, जिसमें एक नाबालिग दलित लड़की को आतंकी बनाने की साजिश थी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लड़की को बहला-फुसलाकर प्रयागराज से केरल ले जाया गया, जहां उसका धर्म परिवर्तन कराया गया। उसका माइंडवॉश कर उसे आतंकी गतिविधियों में शामिल करने की योजना थी, लेकिन उससे पहले लड़की भागने में सफल रही।
पुलिस ने मामले में एक महिला समेत 2 लोगों को गिरफ्तार किया है।
क्या है मामला?
प्रयागराज पुलिस का कहना है कि लड़की की मां गुड्डी देवी ने 28 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी बेटी को उसकी मुस्लिम दोस्त दरकशा बानो पैसे का लालच देकर बहलाकर केरल ले गई थी।
इस काम में दरकशा का साथ मोहम्मद कैफ ने दिया था और वह दोनों को प्रयागराज जंक्शन छोड़ने गया था। लड़की का त्रिशूर में धर्म परिवर्तन कराया गया और उसे जिहाद के लिए भी उकसाया गया।
बड़े रैकेट की जांच कर रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि लड़की किसी तरह भागकर केरल रेलवे स्टेशन पहुंची, जहां पुलिस को सूचना दी और उनके जरिए वह प्रयागराज के फूलपुर पहुंचाई गई।
पुलिस का कहना है कि दरकशा अब तक कई लोगों का धर्म परिवर्तन कराकर विदेश भेज चुकी है। पुलिस ने पूरे मामले को एक बड़े संगठित गिरोह से जोड़ा है।
आगे की जांच के लिए 3 टीम बनाई गई है और उसे केरल रवाना किया गया है।
सौजन्य :न्यूज़ बाइट
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://hindi.newsbytesapp.com/ प्रकाशित किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









