दलित किशोर के साथ मारपीट और लूट:एटा में पेड़ से बांधकर पीटा, 10 हजार रुपए छीने; पिता ने एसएसपी से की शिकायत
एटा जनपद के मलावन थाना क्षेत्र के पुरांव गांव में एक दलित किशोर के साथ मारपीट और लूट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित किशोर के पिता रमेश चंद्र ने पुलिस की अनदेखी का आरोप लगाते हुए एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।
रमेश चंद्र के मुताबिक, वह मंगलवार को अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ससुराल चिंतामणि गांव गए थे। शुक्रवार शाम को उनके 15 वर्षीय बेटे शिव किशोर उर्फ आशीष को दीपक और करुण दुबे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए। उन्होंने आशीष की मां पुष्पा से कहा कि वे उसे बाइक से घुमा लाएंगे।
बताया गया कि आशीष के पास मोबाइल खरीदने के लिए जमा किए गए 10 हजार रुपए थे। रात तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। दीपक के घर पहुंचकर जब पूछताछ की गई तो वह वहां मौजूद नहीं मिला।
स्थानीय लोगों के साथ मिलकर तलाश के दौरान रामसनेही के बाग की ओर से चीखने की आवाज आई। वहां पहुंचने पर देखा गया कि दीपक और करुण, आशीष को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीट रहे थे। लोगों की मौजूदगी देखकर दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। पीड़ित किशोर ने बताया कि दोनों ने उसके 10 हजार रुपये भी छीन लिए।
घटना के बाद घायल आशीष को परिजन जैथरा थाना ले गए, लेकिन वहां कोई कार्रवाई नहीं हुई। थक-हारकर रमेश चंद्र ने एसएसपी श्याम नारायण सिंह के कार्यालय में शिकायत दी है।
इस संबंध में धुमरी चौकी प्रभारी संदीप राणा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब के नशे में थे। तहरीर मिलते ही कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.bhaskar.com/local/uttar-prad प्रकाशित किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









