हरियाणा में गर्ल्स हॉस्टल में घुसी पुलिस:भड़की छात्राओं ने रेवाड़ी में जमकर हंगामा किया, बोलीं- जेंट्स पुलिसकर्मियों ने कमरों में ताक-झांक की
हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (HAU) से अटैचल रेवाड़ी कॉलेज में सोमवार को पुलिस घुस गई। आरोप है कि जेंट्स पुलिस कर्मियों ने छात्राओं के कमरों में ताकाझांकी की। इससे छात्राएं भड़क गईं।
उन्होंने हंगामा करते हुए धरना प्रदर्शन किया। कहना था कि पुलिस ने उन्हें जबरन हॉस्टल से बाहर निकालने का प्रयास किया। अभद्रता भी की।
इस मामले पर प्रिंसिपल ने कहा कि- कुछ छात्राओं को दूसरी छात्राओं ने बंधक बना लिया था। वे परीक्षा देना चाहती थीं लेकिन दूसरी छात्राएं उन्हें ऐसा करने से रोक रही थीं। इसलिए हॉस्टल में पुलिस गई थी, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी टीम में शामिल थी। बता दें कि सोमवार को कॉलेज में बीएससी की 6th ईयर और 4th ईयर की परीक्षाएं थीं। 300 स्टूडेंट्स को परीक्षा देनी थी, लेकिन केवल 14 ने ही परीक्षा दीं।
यहां सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला…
स्टूडेंट ने कर रखा है परीक्षाओं का बहिष्कार
हिसार की चौ. चरण सिंह हरियाणा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी (HAU) में स्कॉलरशिप नीति में बदलाव और छात्रों पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में स्टूडेंट्स का धरना लगातार जारी है। इसी के चलते रेवाड़ी कॉलेज के छात्रों ने भी परीक्षा का बहिष्कार का ऐलान कर रखा है। स्टूडेंट का आरोप है कि प्रिंसिपल पर यूनिवर्सिटी से दबाव है कि परीक्षा का पूर्ण बहिष्कार नहीं होना चाहिए।
छात्राओं के पेरेंटस को कॉल करवाया
छात्राओं ने बताया कि प्रिंसिपल ने सबसे पहले गर्ल्स हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं के पेरेंटस को कॉल करवाया। पैरेंटस को समझाने की जिम्मेदारी सौंपी गई कि वे उन्हें परीक्षा के लिए तैयार करें। लेकिन छात्राएं परीक्षा नहीं देने पर अड़ी रहीं। कुछ छात्राओं ने परिवार के दबाव में आकर परीक्षा देने पर हामी भरी। इसी के चलते सोमवार को केवल 14 स्टूडेंट्स ने ही परीक्षा दी।
यूनिटी टूटने की डर से हॉस्टल के दरवाजे बंद किए
जब छात्राओं को पता लगा कि कुछ स्टूडेंट ने परीक्षा दी है और इससे उनकी यूनिटी टूट सकती है तो उन्होंने हॉस्टल के दरवाजे अंदर से बंद कर लिए। परीक्षा देने को तैयार छात्राओं को समझाने के प्रयास शुरू किए गए। इसी दौरान कॉलेज प्रशासन को इसकी सूचना मिली कि हॉस्टल के गेट बंद कर दिए गए हैं। कॉलेज अधिकारी मौके पर पहुंचे और गेट खोलने के लिए कहा।
गेट नहीं खोले तो पुलिस हॉस्टल में घुसी
छात्राओं का कहना है कि जब वे परीक्षाएं देना नहीं चाहती तो क्यों उन्हें जबरन इसके लिए मजबूर किया जा रहा है। आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन ने ही सुबह पुलिस बुलाई। पुलिस हॉस्टल में घुसी और दरवाजों को खुलवाने का प्रयास शुरू किया गया। मगर, छात्राओं ने दरवाजे नहीं खोले। इस दौरान 1 छात्रा की मां को भी बुलाया गया। जो परीक्षा के लिए अपनी बेटी को दरवाजा खुलवाकर साथ ले गई।
पुलिस पर कमरों में ताकझांक करने के आरोप
प्रशासन के प्रयासों के बावजूद दरवाजों की कुंडी नहीं खोली। इसके बाद छात्राओं ने इस पूरी घटना का एक VIDEO बनाकर अपने साथियों को भेज दिया। इस वीडियो में छात्राओं ने आरोप लगाया कि मेल पुलिसकर्मी महिला हॉस्टल की खिड़कियों से झांक रहे हैं। इसके विरोध में स्टूडेंट्स ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.bhaskar.com/local/haryana/rew प्रकाशित किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









