Palwal News: दलित महिला और बेटे के साथ मारपीट व गाली-गलौज कर दी धमकी
पलवल। जिले के अहरवा गांव में एक दलित महिला और बेटे के साथ मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर दो महिलाओं समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित मां-बेटे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, अहरवा गांव निवासी मुक्ता बुधवार को खेत से पशुओं के लिए चारा लेकर वापस लौट रही थी। रास्ते में गांव के ही गजेंद्र ने उसे रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी और मारपीट की। मुक्ता की चीखें सुनकर बेटा नानकचंद मौके पर पहुंचा, जिस पर गजेंद्र पिकअप गाड़ी लेकर वहां से भाग गया।
इसके बाद जब नानकजंद विरोध करने के लिए गजेंद्र के घर की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में गजेंद्र, वीना और ऊषा ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। बेटे को बचाने आई मुक्ता को भी बेरहमी से पीटा गया। आरोप है कि आरोपियों ने मां-बेटे को जातिसूचक गालियां दीं और धमकी दी कि अगर पुलिस में शिकायत की गई तो जान से मार देंगे।
गांव वालों ने बीच-बचाव कर किसी तरह पीड़ितों को बचाया। गंभीर रूप से घायल दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुक्ता की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने गजेंद्र, वीना और ऊषा के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट, मारपीट, धमकी सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। सदर थाना प्रभारी सुंदर पाल ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापे मारे जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें हिरासत में लिया जाएगा।
सौजन्य :अमर उजाला
नोट: यह समाचार मूल रूप सेhttps://www.amarujala.com/haryana/palwal/dalit प्रकाशित किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









