रुड़की: दलित लड़की का मर्डर करने वाले हैदर को मिली मौत की सजा, एकतरफा इश्क में हो गया था पागल
2021 में निधि अपने घर में अकेली थी। इस दौरान उसे परेशान करने वाला हैदर अपने दोस्तों के साथ घर में घुस आया और चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी।
रुड़कीः उत्तराखंड में रुड़की की अदालत ने 19 वर्षीय दलित युवती की हत्या के मामले में एक व्यक्ति को मौत की सजा सुनाई है। एक अन्य दोषी को आजीवन कारावास मिला है। यह घटना 2021 की है। युवती निधि अपने घर में अकेली थी। 25 साल का पड़ोसी हैदर अली उसे लगातार फोन करता था और मिलने के लिए बुलाता था। इनकार करने पर उसने घर में घुसकर दो साथियों की मदद से निधि की हत्या कर दी। इस घटना में एक नाबालिग भी शामिल है, जिसका किशोर अदालत में मुकदमा चल रहा है।
निधि उर्फ हांसी 12वीं पास थी। वह दो भाइयों की इकलौती बहन थी। उसने पिता की मृत्यु के बाद परिवार का भरण-पोषण करने के लिए घर पर एक छोटी सी किराने की दुकान चलाना शुरू किया था। उनकी मां दिहाड़ी मजदूर के रूप में काम करती थीं।
हम कोर्ट के फैसले से संतुष्ट: भाई
कोर्ट के फैसले के बाद परिवार ने कहा कि उन्हें न्याय मिल गया है। निधि के भाई दिनेश सिंह, जो एक कैब ड्राइवर हैं, ने कहा- हम बहुत गरीब लोग हैं, लेकिन इस फैसले ने हमें महसूस कराया कि न्याय सभी के लिए समान है। हम फैसले से संतुष्ट हैं और अपने वकील संजीव वर्मा के आभारी हैं, जिन्होंने हमसे एक भी रुपया नहीं लिया।
25 साल का हैदर परेशान करता था
मामले के मुताबिक, निधि को उसकी गली में रहने वाले 25 वर्षीय हैदर अली द्वारा बार-बार परेशान किया गया था, जो उसे लगातार फोन करता था और उससे अकेले मिलने के लिए कहता था। जब उसने अपने भाई को उत्पीड़न के बारे में बताया, तो उसने हैदर का सामना किया और उसे दूर रहने की चेतावनी दी।
नाबालिग आरोपी का मुकदमा चल रहा है
24 अप्रैल, 2021 को, जब निधि घर पर अकेली थी, हैदर अपने दोस्तों शारिक और रेहान के साथ आया और उस पर हमला कर दिया। उसने चाकू से उसका गला काट दिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और हैदर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि अन्य दो भागने में सफल रहे। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में निधि की मौत हो गई। नाबालिग आरोपी रेहान का किशोर अदालत में मुकदमा चल रहा है।
सौजन्य :नवभारत टाइम्स
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://navbharattimes.indiatimes.coप्रकाशित किया गयाहै और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









