बिहार पूर्वी चंपारण: रक्सौल की दलित बस्ती में भीषण आग, दर्जनों घर जलकर राख
पूर्वी चंपारण: जिले के रक्सौल में दलित बस्ती में भीषण आग लगने से दर्जनों घर जलकर राख हो गए.
बताया जा रहा है कि तेज हवाओं के बीच आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई घर इसकी चपेट में आ गए. स्थानीय लोगों ने आग लगने की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी. मौके पर दमकल की दो गाड़ियां पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. घटना की सूचना मिलते ही रक्सौल पुलिस और एसएसबी के जवान भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की आग बुझाने में मदद की. इस अग्निकांड में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान का अनुमान है.
स्थानीय निवासी चंद्रिका मलिक ने बताया कि कॉलोनी में कई घरों में शादी की तैयारियां चल रही थीं. शादी के लिए खरीदे गए कपड़े, जेवर और अन्य सामान भी आग की भेंट चढ़ गए. उन्होंने बताया कि सभी लोग शादी की तैयारी में जुटे थे, तभी अचानक आग ने सब कुछ नष्ट कर दिया. अंचलाधिकारी शेखर राज ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही हल्का कर्मचारी को मौके पर भेजा गया।
क्षति का आकलन किया जा रहा है। जिसके बाद पीड़ित परिवारों को सहायता राशि देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद कॉलोनी में अफरा-तफरी और मायूसी का माहौल है।
साभार: जनता से रिश्ता
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://jantaserishta.com/na पर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।









