राजस्थान: जिस मंदिर में BJP नेता ने छिड़का था गंगाजल, वहां अब पूजा अर्चना करेंगे राहुल गांधी और टीकाराम जूली
Ram Mandir alwar: कांग्रेस नेता टीकाराम जूली के मंदिर जाने के बाद भाजपा नेता द्वारा गंगाजल छिड़कने का मामला राष्ट्रीय मुद्दा बन गया है। राहुल गांधी अंबेडकर जयंती पर उसी मंदिर में पूजा करने जाएंगे, जहां जूली ने दर्शन किए थे। इस घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया है।
Authored by खुशेंद्र तिवारी | Contributed by रामस्वरूप लामरोड़
राहुल गांधी राजस्थान अलवर के राम मंदिर में करेंगे पूजा
जयपुर: कांग्रेस नेता टीकाराम जूली के मंदिर में जाने के बाद भाजपा नेता द्वारा मंदिर में गंगाजल छिड़ककर शुद्धिकरण किए जाने का मामला अब राष्ट्रीय मुद्दा बन गया है। एक दलित नेता के मंदिर जाने पर भाजपा नेता द्वारा गंगाजल छिड़कने पर कांग्रेस इस मामले को दलित वोट बैंक से जोड़ने का प्रयास कर रही है। हाल ही में गुजरात के अहमदाबाद में हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में भी यह मुद्दा गूंजा था। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस मामले को लेकर भाजपा पर निशाना साधा था।
अंबेडकर जयंती के दिन राहुल गांधी करेंगे पूजा
अलवर शहर के जिस मंदिर में टीकाराम जुली ने पूजा अर्चना की और बाद में भाजपा नेता ने गंगाजल छिड़का था। अब उसी मंदिर में राहुल गांधी पूजा अर्चना करने आ रहे हैं। अंबेडकर जयंती के अवसर पर सोमवार 14 अप्रैल को राहुल गांधी अलवर आएंगे और मंदिर में दर्शन करने का साथ पूजा करेंगे। उनके साथ राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली भी मौजूद रहेंगे। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा दलितों के साथ गलत बर्ताव करती है। हिंदू होने का दावा करने वाले ये लोग जातिगत भेदभाव को बढावा देते हैं।
ज्ञानदेव आहूजा ने छिड़का था गंगाजल
पिछले दिनों जब टीकाराम जुली एक मंदिर में जाकर आए तो उसी दिन भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक रहे ज्ञानदेव आहूजा ने मंदिर के शुद्धीकरण करने का आह्वान किया था। अगले दिन वे मंदिर गए और गंगाजल छिड़क कर शुद्धीकरण करने की बात कही थी। जब यह मुद्दा सुर्खियों में आया तो भाजपा कई गंभीर आरोपों से घिरने लगी। इसके बाद पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने गंगाजल छिड़कने वाले ज्ञानदेव आहूजा को पार्टी से निलंबित कर दिया और कारण बताओ नोटिस जारी किया। आहूजा ने नोटिस का जवाब दे दिया लेकिन पार्टी के अग्रिम फैसले का फिलहाल इंतजार किया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने जमकर घेरा भाजपा कोइस घटना के बाद कांग्रेस नेताओं ने भाजपा को जमकर घेरा। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली सहित कई नेताओं ने भाजपा पर छूआछूत करने का आरोप लगाया। गंगाजल छिड़क कर मंदिर के शुद्धीकरण को कांग्रेसी नेताओं ने शर्मनाक घटना बताया। अब यह मुद्दा और बड़ा होने वाला है जब राहुल गांधी टीकाराम जुली के साथ मंदिर में जाकर पूजा अर्चना करेंगे।
लेखक के बारे में
खुशेंद्र तिवारी
नवभारत टाइम्स डिजिटल में राजस्थान के लिए काम करता हूं। पत्रकारिता की शुरुआत प्रिंट माध्यम से की। राजस्थान पत्रिका जयपुर में शिक्षा , कला , एंटरटेनमेंट और पॉजिटिव खबरों को लेकर काम किया। गुलाबी नगरी (जयपुर) का वासी, राजनीति और कला में विशेष रुचि।
साभार : नव भारत टाइम्स
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://navbharattimes .com/bha पर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।








