Gujarat News: अहमदाबाद अधिवेशन में बाद फिर गुजरात पहुंचेंगे राहुल गांधी, शुरू करेंगे ‘नई कांग्रेस’ का निर्माण
Rahul Gandhi Gujarat Visit: कांग्रेस नेता राहुल गांधी अगले हफ्ते फिर गुजरात का दौरा करेंगे। 8-9 अप्रैल को अहमदाबाद में राष्ट्रीय अधिवेशन के बाद अब राहुल गांधी राज्य में नई कांग्रेस का निर्माण शुरू करेंगे। AICC सेशन के आखिर में महासचिव ने 15 अप्रैल से बदलाव की घोषणा की थी। अब सामने आया है कि राहुल गांधी खुद इसकी शुरुआत करेंगे।
Written by अचलेंद्र कटियार
- कांग्रेस नेता राहुल गांधी फिर गुजरात का दौरा करेंगे
- अरवल्ली से कांग्रेस में बदलाव की शुरुआत करेंगे
- कांग्रेस ने संगठन में बदलाव का बनाया है ब्लूप्रिंट
अधिवेशन के बाद फिर गुजरात का दौरा करेंगे राहुल गांधी।
अहमदाबाद: गुजरात में दो दिन के के बाद राहुल गांधी अगले हफ्ते फिर से राज्य के दौरे पर आएंगे। राहुल गांधी अपने दौरे में संगठन में किए जाने बदलावों की शुरुआत करेंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राहुल गांधी बिना किसी देरी के गुजरात में पार्टी के संगठन को नया रूप देना चाहते हैं। राहुल गांधी राजस्थान से सटे गुजरात के अरवल्ली जिले से संगठन में बदलाव की शुरुआत करेंगे। उनके मोडासा में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने का कार्यक्रम रखा गया है। गुजरात यूनिट के द्वारा उनके कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
‘नूतन गुजरात-नूतन‘ कांग्रेस का लक्ष्य
अहमदाबाद में कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन के दूसरे दिन पार्टी के महासचिव जयराम रमेश ने नूतन गुजरात-नूतन कांग्रेस (नया गुजरात-नई कांग्रेस) का स्लोगन दिया था। उन्होंने कहा था कि गुजरात में कांग्रेस क्यों? इस सवाल के साथ लोगों के बीच जाएगी। पार्टी नेताओं के अनुसार राहुल गांधी दो दिन के दौरे मे संगठन में बदलाव का जो प्रारूप तैयार किया गया है उसे अरवल्ली से लागू करेंगे। अरवल्ली गुजरात के नए जिलों में शामिल है। इसका मुख्यालय मोडासा मे है।
| गुजरात: पिछले पांच विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का प्रदर्शन | ||
| चुनाव | सीटें | वोट प्रतिशत |
| 2022 | 17 | 27.28 |
| 2017 | 77 | 41.44 |
| 2012 | 61 | 38.93 |
| 2007 | 59 | 38 |
| 2002 | 51 | 39.28 |
गुजरात पर फोकस की वजह
पीएम मोदी के मुख्यमंत्री रहते हुए भी कांग्रेस हमेशा विपक्ष में रही है। 2022 के चुनावों में ऐसा पहली बार हुआ जब पार्टी 17 सीटों पर सिमट गई। इसके बाद कांग्रेस के चार एमएलए बीजेपी में चले गए। इसके बाद पार्टी के विधायकों की संख्या 12 रह गई। कांग्रेस की कमजोर स्थिति के लिए राज्य में जहां आप का उभार जिम्मेदार रहा तो वहीं कांग्रेस से बीजेपी की तरफ भगदड़ रुक नहीं पाई। 2027 मे बीजेपी को चुनौती देने के लिए राहुल गांधी अभी से कांग्रेस को गुजरात में मजबूत करने की कवायद शुरू कर रहे हैं ताकि पर्याप्त और जरूरी तैयारी से बीजेपी का कड़ा मुकाबला किया जा सके। इसके लिए जिला संगठनों को ताकतवर बनाने का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है।
लेखक के बारे में
अचलेंद्र कटियार
अचलेंद्र कटियार ने जामिया मिलिया इस्लामिया दिल्ली से पढ़ाई की है। इसके बाद मेरठ, कानपुर और दिल्ली के प्रतिष्ठित राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम किया।
साभार : नव भारत टाइम्स
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://navbharattimes.com/local/chपर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।








