छिबरामऊ तहसील में एसडीएम और वकीलों में विवाद:एससी-एसटी एक्ट में एफआईआर दर्ज, वकीलों ने किया कार्य बहिष्कार
कन्नौज जिले की छिबरामऊ तहसील में एसडीएम अविनाश कुमार गौतम और वकीलों के बीच गंभीर विवाद सामने आया है। एसडीएम ने छिबरामऊ बार एसोसिएशन महासचिव ललित प्रताप सिंह और शिवम शुक्ला समेत कई अधिवक्ताओं के खिलाफ कोतवाली में एफआईआर दर्ज करवाई है।
एसडीएम ने अपनी शिकायत में कहा कि वकीलों ने उनके साथ अभद्रता की। उन्होंने आरोप लगाया कि वकीलों ने उनका हाथ पकड़कर पत्रावलियां छीनने का प्रयास किया। साथ ही गर्दन और बाल पकड़कर गिराने की कोशिश की। एसडीएम ने वकीलों पर जातिसूचक गालियां देने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इस कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार को छिबरामऊ तहसील के वकीलों ने न्यायिक कार्य का बहिष्कार कर दिया। वकीलों ने एसडीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
वकीलों की मांग है कि एसडीएम द्वारा लगाए गए कथित झूठे आरोपों के आधार पर दर्ज एफआईआर वापस ली जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो वे धरना-प्रदर्शन और अनशन करने को मजबूर होंगे। इस विवाद से वादकारी परेशान हैं।
सौजन्य :दैनिक भास्कर
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.bhaskar.com/local/uttar-pradesपर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।








