Agra: दलित किशोरी से छेड़खानी और फिर बुआ की जूतों से पिटाई…शर्म भी न आई, 60 घंटे बाद भी नहीं हो सकी कार्रवाई
आगरा के बरहन थाना क्षेत्र में दलित किशोरी से छेड़खानी का विरोध करने पर उसकी बुआ को जूतों से पीटने की घटना के 60 घंटे के बाद भी पुलिस आरोपियों को नहीं पकड़ सकी है। रविवार की रात केस दर्ज करने के बाद सोमवार को एसीपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ितों से बातचीत की। उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
आंवलखेड़ा क्षेत्र की कक्षा 9 की दलित छात्रा के साथ दो माह से इलाके के दो युवक छेड़खानी कर रहे थे। पीड़िता ने अपने घर में घटना की जानकारी दी थी। इस पर किशोरी के भाई ने 27 मार्च को आरोपियों का विरोध किया तो उसकी पिटाई लगा दी थी। उसने आंवलखेड़ा चौकी पर तहरीर दी मगर पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। पीड़ित परिवार पर ही समझौते का दबाव बनाया गया।
इसी खुन्नस में आरोपियों ने शनिवार की शाम को छात्रा की बुआ को रास्ते में पकड़कर जूतों से पिटाई लगाई थी। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इलाके के विशाल सिंह, कृपाल सिंह, श्याम सिंह और सुशांत धाकरे के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया। लेकिन आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी। इससे पीड़ित परिवार दहशत में है। उनका कहना है कि गिरफ्तारी नहीं हुई तो वह जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। दूसरी ओर, एसीपी एत्मादपुर पियूषकांत ने पीड़ित परिवार से बातचीत की। उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सौजन्य : अमर उजाला
नोट: यह समाचार मूल रूप सेhttps://www.amarujala.com/ पर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।








