गोड़वाना गणतंत्र पार्टी ( गोंगपा )कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित मांगों का ज्ञापन एडीएम को सौंपा
सोनभद्र। बलिया में जाति प्रमाणपत्र जारी कराने को लेकर चल रहे धरना-प्रदर्शन का समर्थन करते हुए गोड़वाना गणतंत्र पार्टी(गोंगपा) सोनभद्र कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पहुंच कर राज्यपाल को संबोधित मांगों का ज्ञापन एडीएम सहदेव कुमार मिश्रा को सौंपा।
गोंगपा के जिलाध्यक्ष रामनरेश पोया ने कहा कि बलिया जिले में गोड़ और खरवार जाति के लोगों का जाति प्रमाणपत्र जारी नहीं किया जा रहा है, जिसको लेकर अनिश्चित कालीन धरना-प्रदर्शन चल रहा है। बलिया के आला अधिकारियों द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। अधिकारियों का यह कृत्य निंदनीय है।
गोंगपा के जिला प्रवक्ता एडवोकेट संतोष कुमार ने कहा कि बलिया जिले में आदिवासी समुदाय के लोगों के साथ उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जो भरतीय संविधान के नियम विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि गोंगपा कार्यकर्ता बलिया के आदिवासियों के साथ हो रहे अन्याय पूर्ण रवैया की घोर निंदा करते हुए राज्यपाल महोदया से बलिया प्रशासन को जाति प्रमाणपत्र जारी करने का आदेश दिए जाने की मांग की है।
एडीएम सहदेव कुमार मिश्रा ने ज्ञापन लेने के बाद राज्यपाल महोदया के पास ज्ञापन शीघ्र पहुंचाने का आश्वासन दिया है। ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से अमर सिंह मरकाम, रामलखन सिंह टेकाम, राम सिंह पोया, प्रदीप श्याम, शेषमणि कोराम,श्रवण मराची आदि शामिल रहे।
सौजन्य:बस्ती टाइम्स 24
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://bastitimes24.in/2पर प्रकाशित किया गया है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।








