बेटियों के पीड़ित पिता को मिली अपनी जमीन
Mathura News – करनावल में 3720 वर्ग मीटर पर गेहूं की फसल जेसीबी से नष्ट करा जमीन सौंपी-करनावल में 3720 वर्ग मीटर पर गेहूं की फसल जेसीबी से नष्ट करा जमीन सौंपी -पीड़ित
गांव करनावल के पीड़ित दलित परिवार को न्याय दिलाने की प्रक्रिया तेज हो गयी है। गुरुवार को तहसील टीम ने पैमाइश के बाद पीड़ित परिवार की 3720 वर्ग मीटर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराते हुए दलित परिवार को सौंप दिया। इस जमीन पर गेहूं की फसल लगाकर कब्जा कर लिया गया था। इसके साथ ही शासन स्तर से मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि की पहली किश्त के रूप में 2 लाख 75 हजार रुपये पीड़ित परिवार के पांच सदस्यों के खातों में समाज कल्याण विभाग द्वारा ट्रांसफर भी कर दिए गए। बताते चलें कि 21 फरवरी की रात रास्ता निकलने को लेकर गांव के बाइक सवार (यादव) युवकों ने दो दलित दुल्हन बहन, उनके रिश्तेदार, बरातियों के साथ जमकर मारपीट की थी। इनके तांडव को देख लड़के वाला बिना शादी किये बारात वापस ले गया था। पिता की तहरीर पर 15 नामजद व अन्य डकैती जैसी संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा जा चुका है।
इस घटना के बाद यह भी संज्ञान में आया कि पीड़ित परिवार को 1975 में पट्टे की जमीन मिली थी। इस जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया था। बेटियों ने पिता ने इसका दुखड़ा समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण को सुनाया। पिता ने बताया था कि पीड़ित की मारपीट, उपद्रव करने वालों द्वारा वर्षों पूर्व खेती की पट्टे की करीब पौने दो बीघा जमीन के काफी हिस्सा पर जबरन कब्जा रखा है। इसके बाद जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह के निर्देश पर बुधवार को तहसीलदार सौरभ ने जमीन की नपत कराई। नपत के बाद गुरुवार को जेसीबी से उक्त जमीन पर उगी गेहूं की फसल को नष्ट कराते हुए मेड़बंदी करा दी गयी। तहसीलदार ने बताया कि मेढ़ बंदी के बाद मुक्त कराई गई 3720 वर्ग मीटर जमीन पीड़ित परिवार को सौंप दी गयी है।
इधर, पुलिस टीम ने एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज होने के चलते पीड़ित पक्ष को शासन स्तर से मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि दिलाने की पहल की थी। इसका पूर्व में ही प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया था, ताकि पीड़ित दलित बेटियों के साथ ही मारपीट में घायल बेटियों के फूफा, चाचा, पिता को सरकार से मिलने वाली आर्थिक मदद की धनराशि मिल सके। सीओ रिफाइनरी श्वेता वर्मा ने बताया कि इसके लिये पुलिस प्रशासन ने पीड़ित बेटियों का बैंक खाता न होने पर नरसीपुरम स्थित केनरा बैंक में दोनों दुल्हन बहनों का खाता खुलवाया गया। समाज कल्याण अधिकारी नागेन्द्र पाल सिंह ने बताया कि शासन से मिली सहायता राशि की पहली किश्त के रूप में दोनों बेटियों के खाते में एक-एक लाख रुपये तथा तीनों घायलों के खाते में 25-25 हजार रुपये की धनराशि ट्रांसफर कर दी गयी है।
भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आज आएंगे
मथुरा। रिफाइनरी के गांव करनावल में विभिन्न राजनैतिक दलों के नेता, प्रतिनिधिमंडल के सदस्य लगातार पहुंच रहे हैं। पीड़ित परिवार के आंसू पौंछ उन्हें ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया जा रहा है। शुक्रवार को भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर रावण का गांव करनावल आने का कार्यक्रम है। बताते हैं कि वह शुक्रवार को सुबह 11 बजे गांव करनावल आकर पीड़ित परिवार से मिलेंगे।
साभार : हिन्दुस्तान
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.livehindustan.com पर प्रकाशित हुआ है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।








