Chandigarh: पंजाब में 1274 आव्रजन कंपनियों पर छापा, 24 FIR; राज्यव्यापी अभियान में सात ट्रैवल एजेंट गिरफ्तार
इस दौरान लोगों को विदेश भेजने वाले ट्रैवल एजेंटों के लाइसेंस जांचे गए। दस्तावेज पूरी तरह सही न पाए जाने पर पुलिस ने 24 एफआईआर दर्ज की गई हैं, जबकि सात ट्रैवल एजेंटों को गिरफ्तार किया है।
अमेरिका से बड़ी संख्या में अवैध प्रवासियों को निर्वासित किए जाने के बाद अवैध ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब पुलिस ने राज्यभर के 1,274 आव्रजन कंपनियों पर छापे मारे। इस दौरान लोगों को विदेश भेजने वाले ट्रैवल एजेंटों के लाइसेंस जांचे गए। दस्तावेज पूरी तरह सही न पाए जाने पर पुलिस ने 24 एफआईआर दर्ज की गई हैं, जबकि सात ट्रैवल एजेंटों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव के निर्देश पर सभी 28 पुलिस जिलों में अवैध ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ एक साथ अभियान चलाया गया। छापे की कार्रवाई सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई और देर शाम तक जारी रही। स्पेशल डीजीपी अर्पित शुक्ला ने बताया कि निर्वासित लोगों के मामले की जांच के लिए बनाई गई विशेष जांच टीम (एसआईटी) उनकी शिकायतों की जांच कर रही है। इसी क्रम में लोगों को विदेश भेजने के नाम पर अपने जाल में फंसाकर मोटी रकम वसूलने वाले अवैध ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है।
कई ट्रैवल एजेंटों के पास लाइसेंस भी नहीं
छापे की कार्रवाई के दौरान पाया गया कि कई ट्रैवल एजेंट के पास उचित लाइसेंस नहीं है। गौरतलब है कि पंजाब ट्रैवल प्रोफेशनल्स रेगुलेशन, 2012 के प्रावधानों के तहत सभी ट्रैवल एजेंटों को उपायुक्त कार्यालय से लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य है, जो पांच साल के लिए वैध होता है।
डंकी रूट से भेजने की आईं शिकायतें
अमेरिका से निकाले गए पंजाब और हरियाणा के कई लोगों ने आरोप लगाया है कि ट्रैवल एजेंटों ने उनके साथ धोखाधड़ी की है। उनका दावा है कि उनसे मोटी रकम लेने और अमेरिका में कानूनी तरीके से प्रवेश का वादा करने के बावजूद, उन्हें डंकी रूट से भेजा गया। डंकी रूट न केवल अवैध है बल्कि तमाम खतरों से भरा रास्ता है जिसका इस्तेमाल गैरकानूनी प्रवासी अमेरिका पहुंचने के लिए करते हैं।
साभार : अमर उजाला
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.amarujala.com पर प्रकाशित हुआ है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।








