दुल्हन बनीं दो बहनों के अरमानों पर दबंगों ने फेरा पानी; मामूली विवाद में शादी में मचाया उत्पात और बारातियों को पीटा –
मथुरा: धर्म की नगरी मथुरा में अधर्म का मामला सामने आया है. दलित समाज की दो बहनों की शादी दबंगों को इतना नागवार गुजरा की उन्होंने बिना शादी हुए ही बारात को लौटा दी. दरअसल जिले के रिफाइनरी थाना क्षेत्र के करनावल गांव में बीती रात को एक बारात में स्थानीय दो दबंगो ने जमकर उत्पात मचाया. गांव में गोवर्धन थाना क्षेत्र के सामू खेड़ा गांव से दो युवकों की बारात आई थी. ग्रामीण और परिवारजन शादी की तैयारी में जुटे हुए थे.
तभी टाउनशिप स्थित एक ब्यूटी पार्लर से दो बहनें सजधज कर वापस घर जा रही थी. इसी दौरान दो बाइक सवार युवकों की गाड़ी निकालने को लेकर कहासुनी हो गई, इसके बाद दबंग युवकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर दुल्हनों के साथ मारपीट कर दी. उसके बाद बारात में पहुंचकर बारातियों के साथ भी जमकर मारपीट की, जिसके कारण दूल्हा पक्ष के लोग रिश्ता तोड़कर बारात लेकर वापस लौट गए. जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और पीड़ित पक्ष से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया और चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुट गई है.
मामले की जानकारी देते हुए एसपी सिटी अरविंद कुमार ने बताया कि रिफाइनरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत करनावल गांव में कल वहां पर बारात आई थी, उसमें दो बच्चियां तैयार होकर अपने घर के लिए जा रही थी, इसी दौरान स्थानीय दो लड़के थे उनकी गाड़ी से टक्कर हो गई इसी दौरान कहासुनी हो गई. इस बात को लेकर जहां बारात निकल रही थी दबंग वहां पहुंचकर बारातियों को जमकर पीटा.
पूरे मामले में पीड़ित पक्ष से तेहरीर लेकर मुकदमा पंजीकृत किया गया है, इस मामले में चार लोग हिरासत में ले लिए गए है. बाकी लोगों की गिरफ्तारी की जा रही है. एफआईआर दर्ज हो गया है. आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा.
साभार : ईटीवी भारत
नोट: यह समाचार मूल रूप से https://www.etvbharat.com पर प्रकाशित हुआ है और इसका उपयोग विशुद्ध रूप से गैर-लाभकारी/गैर-वाणिज्यिक उद्देश्यों, विशेष रूप से मानवाधिकारों के लिए किया जाता है।








